Morning News Brief (मॉर्निंग न्यूज ब्रीफ): कल (6 जुलाई 2026) की खबरों में पीएम मोदी ने 125वीं जयंती पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया याद, मुंबई में बारिश का कहर, NIA ने पहलगाम आतंकी हमले में किया बड़ा खुलासा, NATO की बैठक से पहले रूस के बैलिस्टिक हमलों से दहला यूक्रेन, ममता बनर्जी के घर के बाहर पुलिस तैनाती से भड़की TMC प्रमुख रहा।

पीएम मोदी ने 125वीं जयंती पर डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी को किया याद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की 125वीं जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी. डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर पीएम मोदी ने उनके राष्ट्रसेवा, शिक्षा, औद्योगिक विकास और अखंड भारत के संकल्प को प्रेरणादायी बताया है. 125वीं जयंती पर उन्हें राष्ट्रवाद, त्याग और जनसेवा का प्रतीक बताया. पीएम मोदी ने एक लेख के माध्यम से कहा कि डॉ. मुखर्जी ने भारत की एकता, गरिमा और प्रगति के लिए अपना पूरा जीवन समर्पित कर दिया.

मुंबई में बारिश का कहर
महाराष्ट्र में मानसून ने रफ्तार पकड़ ली है और लगातार तीसरे दिन हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सबसे ज्यादा असर मुंबई, पुणे और आसपास के इलाकों में देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के रेड अलर्ट के बीच प्रशासन ने लोगों से बिना जरूरी काम के घर से बाहर न निकलने की अपील की है। कई निजी कंपनियों ने कर्मचारियों को वर्क फ्रॉम होम की सलाह दी है, जबकि सरकारी, निजी और नगर निगम के सभी स्कूल-कॉलेजों में सोमवार को छुट्टी घोषित कर दी गई।

NIA ने पहलगाम आतंकी हमले में किया बड़ा खुलासा
राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने पहलगाम आतंकी हमले मामले में लश्कर-ए-तैयबा के सरगना हाफिज सईद के खिलाफ सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की है. यह मामला 22 अप्रैल, 2025 को हुए उस खौफनाक पहलगाम आतंकी हमले से जुड़ा है, जिसने 26 बेगुनाहों की जान ले ली थी. हाफिज सईद को हमले का मास्टरमाइंड बताते हुए उस पर भारत के खिलाफ युद्ध छेड़ने और पाकिस्तान से आतंकी साजिश रचने का आरोप लगाया है.

NATO की बैठक से पहले रूस के बैलिस्टिक हमलों से दहला यूक्रेन
US-ईरान के बीच भले ही शांति समझौता हो जाने के बाद अभी वर्तमान स्थिति तनावपूर्ण नहीं दिख रही है. लेकिन रूस और यूक्रेन के बीच 4 साल से भी अधिक समय से जंग के बीच शांति समझौता होने की उम्मीद के बारे में तो सोचा तक नहीं जा सकता है. NATO शिखर सम्मेलन से ठीक एक दिन पहले राजधानी कीव पर रूस ने मिसाइल और ड्रोन से रातभर हमला किया. रातभर हुए हमले में कई लोगों के मारे जाने के साथ ही बड़ी संख्या में घायल होने की खबर है.

ममता बनर्जी के घर के बाहर पुलिस तैनाती से भड़की TMC
पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में एक नाबालिग बच्ची का शव बरामद होने के बाद से राज्य में सियासी सरगर्मी तेज एक बार फिर से तेज हो गई है. पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बरुईपुर जाने का ऐलान किया था, जिसके बाद उनके घर के बाहर केंद्रीय बलों की तैनाती कर दी गई है. TMC ने इसे लेकर पश्चिम बंगाल सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. पार्टी का दावा है कि विपक्ष की आवाज दबाने के लिए यह कदम उठाया गया है.
कल की कुछ महत्वपूर्ण खबरेंः-
नेतन्याहू का जेडी वेंस को जवाब: इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारत को इजरायल के सबसे मजबूत समर्थकों में से एक बताते हुए कहा कि उनके देश के सिर्फ अमेरिका ही नहीं, बल्कि भारत जैसे कई भरोसेमंद मित्र भी हैं। उनका यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस ने इजरायल को सलाह दी थी कि वह अपने “इकलौते शक्तिशाली सहयोगी” अमेरिका की सार्वजनिक आलोचना करने से बचे। (पढ़े पूरी खबर)
करूर भगदड़ मामला: तमिलनाडु के चर्चित करूर भगदड़ मामले में मुख्यमंत्री विजय थलापति की सरकार की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। विपक्षी दल डीएमके की ओर से दायर याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई की मांग स्वीकार कर ली है। अब इस मामले की सुनवाई मंगलवार को होगी। (पढ़े पूरी खबर)
केतन अग्रवाल मर्डर केस: केतन अग्रवाल हत्याकांड की जांच में पुलिस को ऐसे डिजिटल सबूत मिले हैं, जिन्होंने इस मामले को और मजबूत कर दिया है। जांच के अनुसार, मुख्य आरोपी सिया गोयल ने वारदात से पहले इंटरनेट पर इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड की जानकारी जुटाई थी। इतना ही नहीं, उसने यह भी सर्च किया था कि क्या पुलिस कस्टडी में महिलाओं के साथ मारपीट होती है? ये सभी जानकारी उसके दोनों मोबाइल फोन की सर्च हिस्ट्री से सामने आई है। (पढ़े पूरी खबर)
चुनाव आयोग का SIR के तहत बड़ा एक्शन: चुनाव आयोग ने मतदाता पुनरीक्षण को लेकर चलाए जा रहे एसआईआर अभियान के तहत चार राज्यों की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है. ये राज्य ओडिशा, मणिपुर, मिजोरम और सिक्किम है. इन राज्यों में से SIR प्रक्रिया के तहत 22 लाख से अधिक लोगों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं. हालांकि, चुनाव आयोग ने साफ किया है कि जिन लोगों के नाम ड्राफ्ट सूची से हटाए गए हैं, उन्हें दोबारा अपना नाम जुड़वाने का मौका दिया जाएगा. (पढ़े पूरी खबर)
मणिपुर में 40 असम राइफल्स के काफिले पर घातक हमला: मणिपुर के उखरूल जिले में सोमवार दोपहर करीब 1:50 बजे नुंगशांग कोंग के पास 40 असम राइफल्स के काफिले पर संदिग्ध उग्रवादियों ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में दो जवान शहीद हो गए। घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। (पढ़े पूरी खबर)
श्रीलंका की जेल में खूनी खेल: श्रीलंका की राजधानी कोलंबो से हैरान कर देने वाली खबर सामने आ रही है. श्रीलंका की एक हाई सिक्योरिटी जेल में कैदियों के बीच हुई हिंसक झड़प ने बड़ा रूप ले लिया, जिसमें 4 गार्ड और 19 कैदियों की मौत हो गई जबकि 100 से ज्यादा लोग घायल हो गए. यह घटना राजधानी कोलंबो के उत्तर में स्थित नेगोम्बो शहर की मुख्य जेल की है जो श्रीलंका की सबसे खुखांर जेलों में से एक है. (पढ़े पूरी खबर)
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

