सोहराब आलम, मोतिहारी। मोतिहारी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने अंतरराज्यीय लुटेरा गिरोह का खुलासा करते हुए 5 शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है, जो कपड़ा फेरी के आड़ में शहर में लूट की घटनाओं को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। गिरफ्तार अपराधी पिछले दस दिनों से शहर के विभिन्न सोना-चांदी की दुकानों की रेकी कर रहे थे।
सदर डीएसपी ने किया खुलासा
इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए सदर डीएसपी दिलीप कुमार ने बताया कि, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध गिरोह मोतिहारी में सक्रिय है। सूचना के आधार पर एसपी स्वर्ण प्रभात के निर्देश पर डीएसपी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
उन्होंने बताया कि, जब टीम ने जांच शुरू की तो पता चला कि छतौनी थाना क्षेत्र के बरियापुर स्थित सिटी होटल के पास एक किराए के मकान में कुछ लोग ठहरे हुए हैं, जो खुद को कपड़ा व्यवसायी बता रहे हैं, लेकिन उनकी गतिविधियां संदिग्ध हैं। इसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छापेमारी की और पांचों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
रेकी कर लूट को अंजाम देते थे सभी अपराधी
पूछताछ के दौरान अपराधियों ने चौंकाने वाले खुलासे करते हुए बताया कि वे कपड़ा बेचने के बहाने शहर में घूमते थे और बड़े ज्वेलरी दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद मौका देखकर लूट की वारदात को अंजाम देते थे। विरोध करने पर वे मारपीट भी करते थे। पुलिस ने गिरफ्तार अपराधियों के पास से एक पिस्टल, एक देशी कट्टा, आठ जिंदा कारतूस, दो चोरी की बाइक और छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
उड़ीसा के रहने वाले हैं सभी गिरफ्तार अपराधी
गिरफ्तार सभी अपराधी उड़ीसा राज्य के जाजपुर जिले के जगपुरा थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं, जिनकी पहचान ओउल अजित, डी. गांधी, जीतू राव, मकला दिलीप और किशोर प्रधान के रूप में हुई है। इन सभी के खिलाफ पहले से भी डकैती और लूट के कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है और गिरोह के अन्य सदस्यों व संभावित वारदातों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है। मोतिहारी पुलिस के लिए यह एक बड़ी सफलता है।
ये भी पढ़ें- Bihar Crime: साफ-सफाई को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट

