दतिया/भोपाल। मध्य प्रदेश के दतिया में बीजेपी जिला अध्यक्ष की घोषणा हो गई है। संघ पृष्ठभूमि के माधवेंद्र सिंह परिहार को दतिया की कमान सौंपी गई है। माधवेंद्र एमपी विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के करीबी बताए जा रहे हैं। दतिया उपचुनाव में हार के बाद जिला कार्यकारिणी भंग कर दी गई थी। हार के बाद जिला अध्यक्ष को हटा दिया गया था। अब भारतीय जनता पार्टी ने जिला अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने दतिया भाजपा के नए जिला अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी है। खाटी संघी माधवेंद्र सिंह परिहार को जिला अध्यक्ष बनाया गया है। माधवेंद्र गृहस्थ जीवन से दूर हैं। संघ कार्यकर्ता होने के कारण उन्होंने शादी नहीं की है। वे पूर्व में जिला महामंत्री भी रहे हैं। स्काउड गाइड से लंबे समय तक जुड़े रहे है। माधवेंद्र सिंह मध्य प्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर के करीबी नेताओं में से एक है।
ये भी पढ़ें: दतिया में फिर हो सकता है उपचुनाव! कांग्रेस विधायक की सदस्यता को हाईकोर्ट में दी चुनौती, जानें पूरा मामला
माधवेंद्र सिंह के नाम का ऐलान होते ही भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। आपको बता दें कि हाल ही में हुए दतिया उपचुनाव में बीजेपी को हार का सामना करना पड़ा था। हार के बाद पार्टी ने कार्यकारिणी भंग कर दी थी। भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी ने पार्टी को भीतरघात के सबूत दिए थे। मंथन के बाद दतिया के जिला अध्यक्ष, मंडल अध्यक्ष समेत सभी संगठनात्मक इकाइयों को तत्काल प्रभाव से पदमुक्त कर दिया गया था।
इसके बाद से भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी को ही दतिया का जिला अध्यक्ष बनाने की चर्चा जोरों पर थी। यह भी कहा जा रहा था कि नई जिला कार्यकारिणी बनाने में दादा यानी पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा की चलेगी। लेकिन पार्टी ने माधवेंद्र सिंह परिहार को दतिया की कमान सौंपकर एक बार फिर चौंका दिया।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



