पंचकूला। जिले में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की समीक्षा के लिए दिशा समिति की बैठक हुई। इस बैठक की अध्यक्षता सांसद वरुण मुलाना ने की। बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं के क्रियान्वयन को लेकर कई विभागों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए गए। सांसद ने पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को जमकर खरी-खोटी सुनाई।

दो साल से बेकार पड़े सोलर पैनल

सांसद ने खुलासा किया कि माता मनसा देवी मंदिर में तीर्थ कायाकल्प योजना के तहत सोलर पैनल लगाए गए थे। हैरानी की बात यह है कि दो साल बीत जाने के बाद भी इन्हें बिजली कनेक्शन से नहीं जोड़ा गया। पूरा सिस्टम केबल के अभाव में बेकार पड़ा है। जांच में सामने आया कि पैनल गलत जगह लगाए गए, जिससे तकनीकी दिक्कतें आईं। सांसद ने आदेश दिया कि अब इस काम को नगर निगम के सहयोग से तुरंत पूरा किया जाए।

स्कूलों की बदहाली पर शर्मिंदगी

बैठक में सरकारी स्कूलों की दुर्दशा पर सांसद काफी नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि यह शर्म की बात है कि अब स्कूलों के टॉयलेट की जांच के लिए राज्यपाल को आना पड़ रहा है। जिले में करीब 400 कमरों की कमी है। आलम यह है कि आज भी 4 स्कूल मंदिर और गुरुद्वारों में चल रहे हैं। शिक्षा विभाग को तुरंत इस व्यवस्था को सुधारने के निर्देश दिए गए हैं।

शवगृह के पास जनऔषधि केंद्र क्यों?

स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए सांसद ने सीएमओ को फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि शवगृह के पास जनऔषधि केंद्र खोलना गलत है, वहां दवा लेने कौन जाएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि केंद्र की जगह बदली जाए और जब तक ऐसा नहीं होता, वहां तक जाने के लिए बोर्ड लगाए जाएं। दवाओं की गुणवत्ता जांचने के लिए ड्रग ऑफिसर को नियमित सैंपलिंग करने को भी कहा गया है।