MP Weather Update: संजय पाटीदार, भोपाल। मध्य प्रदेश में मानसून की विदाई से पहले बारिश का एक और दौर सक्रिय है। शनिवार को पूर्वी हिस्से में बारिश का असर ज्यादा रहेगा। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में अगले 48 घंटे तेज बारिश की चेतावनी है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और सतना में ऑरेंज अलर्ट जारी है। सतना और मैहर में बारिश के चलते स्कूल बंद रखने का फैसला लिया गया है।
भिंड, दतिया, पन्ना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, कटनी, मैहर, उमरिया, शहडोल, जबलपुर, मंडला और डिंडोरी में भारी बारिश का अलर्ट है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और सतना में बारिश ज्यादा हो सकती है। भोपाल समेत कई जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी के आसार हैं। मौसम विशेषज्ञ अरुण शर्मा के अनुसार, सितंबर के अंतिम सप्ताह में प्रदेश का मौसम फिर सक्रिय हुआ है। गहरे अवदाब की तीव्रता लगातार कम हो रही है, लेकिन इसके उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ने और इससे मिल रही नमी के कारण पूर्वी मध्य प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। अगले 48 घंटे महत्वपूर्ण हैं। ऐसे में नदी-नालों, पुल-पुलियों और निचले इलाकों में जाने से बचने की सलाह दी गई है।
ये भी पढ़ें: MP Morning News: इंदौर जाएंगे CM डॉ मोहन, संघ का शताब्दी वर्ष का मेगा प्लान, नए मास्टर प्लान का ड्राफ्ट जारी करने की तैयारी, आज जन आशीर्वाद यात्रा और UGC संघर्ष समिति की पदयात्रा
अब तक इतने इंच गिरा पानी
मध्य प्रदेश में दक्षिण-पश्चिम मानसून का आधिकारिक समय 1 जून से 30 सितंबर तक है। यानी मानसून की विदाई में अब सिर्फ पांच दिन बचे हैं। राजस्थान के कई जिलों से मानसून लौट चुका है, ऐसे में प्रदेश में भी जल्द मानसून की वापसी शुरू होने की संभावना है। प्रदेश में अब तक 880.5 मिलीमीटर यानी 34.7 इंच बारिश हुई है। सामान्य 937.9 मिलीमीटर यानी 36.9 इंच के मुकाबले यह 2.2 इंच कम है। कुल बारिश सामान्य से 6% कम है।
यहां सामान्य से ज्यादा बारिश
पूर्वी मध्य प्रदेश में आंकड़ा सामान्य के करीब है, जबकि पश्चिमी हिस्से के कई जिलों में बारिश सामान्य से 8% से 50% तक कम है। जबलपुर, रीवा, सागर और शहडोल संभाग में बारिश सामान्य है। अनूपपुर, छतरपुर, मैहर, मऊगंज, निवाड़ी, पन्ना, सतना, शहडोल, सीधी, सिंगरौली, टीकमगढ़, उमरिया, आगर-मालवा, भिंड, भोपाल, बुरहानपुर, दतिया, गुना, ग्वालियर, खरगोन, राजगढ़, श्योपुर और शिवपुरी में सामान्य से ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। सीजन खत्म होने से कुछ दिन पहले भी प्रदेश की कुल बारिश सामान्य से 6% कम है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


