दुर्गेश राजपूत, नर्मदापुरम। नर्मदापुरम शहर को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाने के लिए नगर पालिका ने अब आर-पार के मूड में कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है। सीएमओ वैभव देशमुख और सेनेटरी अधिकारी अनुराग तिवारी के नेतृत्व में पूरी टीम ने सुबह से ही सड़कों पर उतरकर ताबड़तोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया। रोड पर अवैध कब्जा जमाकर सामान फैलाने और शहर में गंदगी का साम्राज्य खड़ा करने वालों के खिलाफ यह अब तक का सबसे बड़ा और सख्त एक्शन माना जा रहा है।
नर्मदापुरम में इस कार्रवाई के दौरान शहर के नामचीन प्रतिष्ठानों को भी नहीं बख्शा गया। नियमों की धज्जियां उड़ाने वाली जानी-मानी होटल जीआरवी, मैंगो मेनिया, घमंडी लस्सी और रिलायंस सुपर बाजार समेत दर्जनों दुकानों पर मौके पर ही भारी-भरकम चालान बनाए गए। नगर पालिका की इस सख्त कार्रवाई से शहर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया है। अब तक डेढ़ लाख रुपये से अधिक की जुर्माना राशि वसूली जा चुकी है।
ये भी पढ़ें: नाली-जाली के विवाद को लेकर बवालः भाजपा पार्षद की शिकायत पर कांग्रेस नेता पर मामला दर्ज, थाने पहुंच कांग्रेसियों ने जताई आपत्ति
बार-बार समझाइश के बाद भी नहीं सुधरे
सीएमओ वैभव देशमुख ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि शहर में लगातार गंदगी और कचरे के ढेर लगने की शिकायतें मिल रही थीं। जनता की सुविधा और शहर की स्वच्छता को सर्वोपरि रखते हुए, नगर पालिका की टीम ने पहले खुद सुबह उठकर सभी दुकानों के सामने लगे कचरे के ढेरों की फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की थी। इसके बाद दुकानदारों से लगातार अपील की गई थी कि वे कचरा सिर्फ कचरा गाड़ी में ही डालें। बावजूद इसके, बार-बार समझाइश देने के बाद भी जब मनमाने दुकानदारों ने अपनी आदत नहीं बदली, तो सीएमओ ने अपनी टीम के साथ सीधे मैदान संभाल लिया। अधिकारियों ने पहले दुकानदारों को उनकी ही दुकानों के सामने फैला हुआ कचरा रंगे हाथ दिखाया और फिर बिना किसी नरमी के ताबड़तोड़ चालानी कार्रवाई शुरू कर दी।
घरेलू सिलेंडरों के इस्तेमाल पर गिरेगी गाज!
हैरानी की बात यह रही कि जांच के दौरान घमंडी लस्सी और मैंगो मेनिया जैसी प्रसिद्ध दुकानों पर कमर्शियल की जगह घरेलू गैस सिलेंडर का अवैध इस्तेमाल होते हुए भी पकड़ा गया। इस गंभीर अनियमितता पर सीएमओ ने तुरंत संज्ञान लेते हुए संबंधित खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों को औपचारिक शिकायत दर्ज करा दी है, जिससे इन प्रतिष्ठानों पर अब और बड़ा कानूनी शिकंजा कसना तय माना जा रहा है। नगर पालिका के इस कड़े तेवर से साफ है कि नर्मदापुरम को स्वच्छ और सुंदर बनाने का यह अभियान अभी थमता नजर नहीं आ रहा है। अधिकारियों ने दो टूक चेतावनी दी है कि शहर की व्यवस्था बिगाड़ने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा और यह सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

