कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। ग्वालियर में जीआरएमसी (GRMC) के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हुए हमले को लेकर ओबीसी महासभा ने मोर्चा खोल दिया है। महासभा के संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार के नेतृत्व में सैकड़ों लोगों ने बाल भवन से एसपी ऑफिस तक पैदल मार्च निकालकर निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच की मांग की। विजय कुमार ने आशंका जताई कि इस घटना के जरिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को भी निशाना बनाने की कोशिश हो सकती थी, क्योंकि वे ओबीसी वर्ग से आते हैं।

दरअसल, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के जेएएच दौरे के दौरान पीड़ितों से मुलाकात के बाद डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ पर हमला होने का मामला सामने आया था। इसे गंभीर बताते हुए ओबीसी महासभा ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। महासभा का कहना है कि इस घटना से किरार-धाकड़ समाज सहित OBC वर्ग में आक्रोश और असुरक्षा की भावना है। संस्थापक राष्ट्रीय अध्यक्ष विजय कुमार ने आरोप लगाया कि डीन के साथ मारपीट की गई और पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच जरूरी है।

ये भी पढ़ें: Gwalior News: CM डॉ. मोहन के अस्पताल से निकलते ही मेडिकल कॉलेज के डीन पर हमला, आरोपी ने जड़ा थप्पड़, जमकर हुआ हंगामा

ज्ञापन में महासभा ने आरोपी मनोज शर्मा का नार्को टेस्ट कराने, उसके मोबाइल की कॉल डिटेल रिकॉर्ड यानी CDR और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच कराने की मांग की है। साथ ही यह भी कहा है कि यदि हमले के पीछे किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आती है, तो उसकी पहचान कर कार्रवाई की जाए। विजय कुमार ने यह आशंका भी जताई कि डीन के ऊपर हमला हुआ हकीकत में उस वक्त मुख्यमंत्री को निशाना बनाने की आशंका को नकारा नहीं जा सकता है। OBC महासभा ने डीन डॉ. धाकड़ समेत चिकित्सकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई। महासभा का कहना है कि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के पहलू से भी पूरे घटनाक्रम की गहन जांच होनी चाहिए।

ये भी पढ़ें: जयारोग्य अस्पताल में जूनियर डॉक्टरों ने बंद किया काम, डीन के समझाने पर हड़ताल खत्म; JDA ने दिया 48 घंटे का अल्टीमेटम

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m