इमरान खान, खंडवा। खंडवा के ओंकारेश्वर में नाविकों की सतर्कता और बहादुरी से एक बड़ा हादसा टल गया। केवलराम घाट पर नर्मदा नदी में स्नान के दौरान मां, बेटे और बेटी डूबने लगे, जिन्हें स्थानीय नाविकों ने समय रहते बचाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इस पूरे रेस्क्यू का वीडियो भी सामने आया है।
ओंकारेश्वर के केवलराम घाट पर वृंदावन से आया एक परिवार नर्मदा नदी में स्नान कर रहा था। इसी दौरान 8 वर्षीय सृष्टि अचानक गहरे पानी में चली गई। बेटी को डूबता देख उसे बचाने के लिए मां पानी में उतरी, लेकिन वह भी गहराई में फंस गई। मां और बहन को संकट में देखकर 12 वर्षीय बालक भी नदी में कूद गया और वह भी डूबने लगा। घाट पर मौजूद नाविकों ने स्थिति को भांपते हुए तत्काल रेस्क्यू शुरू किया।
ये भी पढ़ें: ‘हेलीकॉप्टर नहीं, समय पर एंबुलेंस चाहिए’, समाजसेवी ने प्रशासन को दी चेतावनी, कहा- व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो…
नाविक पंकज केवट, मुकेश वर्मा और विजय दांगोड़े ने अपनी जान की परवाह किए बिना नदी में छलांग लगाई और तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान घाट पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया था, लेकिन नाविकों की सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। रेस्क्यू का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसकी स्थानीय लोग सराहना कर रहे हैं।

