Automobile Desk: सड़क पर बढ़ते ट्रैफिक के बीच मैनुअल गियर बदलने की सिरदर्दी से हर कोई बचना चाहता है। अगर आप भी अपने परिवार के लिए एक ऐसी गाड़ी की तलाश में हैं जो चलाने में बेहद आसान हो, जिसकी माइलेज बेहतरीन हो और जेब पर ज्यादा भारी न पड़े, तो 6 लाख रुपये के आसपास का बजट एकदम परफेक्ट माना जाता है। इस रेंज में आपको भारतीय ऑटो बाजार में दमदार सेफ्टी फीचर्स, आधुनिक टेक्नोलॉजी और शानदार ग्राउंड क्लीयरेंस वाली कई हैचबैक और कॉम्पैक्ट SUV के विकल्प मिल जाते हैं। Maruti Suzuki और Tata Motors जैसे बड़े ब्रांड्स की ये कारें न सिर्फ रोजमर्रा की ड्राइविंग को सुगम बनाती हैं, बल्कि इनकी रनिंग कॉस्ट भी बेहद किफायती रहती है।
Tata Punch
टाटा मोटर्स की सबसे पॉपुलर माइक्रो SUV टाटा पंच उन लोगों के लिए बेहतरीन विकल्प है जो कम बजट में मजबूत लुक और दमदार सेफ्टी चाहते हैं। 5.74 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत वाली यह कार अपनी 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग और ऊंचे ड्राइविंग रुख के लिए काफी पसंद की जाती है। इसमें 1.2-लीटर का पेट्रोल इंजन दिया गया है, जो 88 PS की पावर जेनरेट करता है। 90-डिग्री तक खुलने वाले दरवाजे और 6 एयरबैग्स के साथ आने वाली यह कार करीब 18 से 20 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज दे देती है।
Tata Aeris
टाटा की ओर से बजट सेगमेंट में एक और बेहद व्यावहारिक विकल्प टाटा एरीस है, जिसकी शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत 5.29 लाख रुपये रखी गई है। इसमें आपको 419 लीटर का काफी बड़ा बूट स्पेस मिलता है, जो लंबे सफर के दौरान सामान रखने के लिए काफी सुविधाजनक साबित होता है। 1.2-लीटर पेट्रोल और CNG दोनों विकल्पों में आने वाली यह कार पेट्रोल में 19-20 किमी प्रति लीटर और CNG पर लगभग 26-27 किमी प्रति किलोग्राम का माइलेज देती है। सेफ्टी के लिहाज से इसमें 6 एयरबैग और ESP जैसे फीचर्स शामिल हैं।
Maruti Suzuki Swift
अपने स्पोर्टी लुक और जबरदस्त परफॉर्मेंस के कारण युवाओं के बीच मारुति स्विफ्ट की मांग हमेशा बनी रहती है। 5.83 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत वाली इस हैचबैक में कंपनी का नया 1.2-लीटर Z-सीरीज पेट्रोल इंजन मिलता है। यह कार ऑटोमैटिक (AMT) ट्रांसमिशन के साथ करीब 25.75 किमी प्रति लीटर तक का माइलेज देने में सक्षम है। इसका ऑल-ब्लैक केबिन, 6 एयरबैग्स और हिल-होल्ड असिस्ट जैसे फीचर्स इसे रोजाना की ड्राइविंग के लिए बेहद आरामदायक बनाते हैं।
Maruti Suzuki Baleno
अगर आपकी प्राथमिकता थोड़ा ज्यादा केबिन स्पेस और प्रीमियम फील है, तो मारुति बलेनो एक शानदार चॉइस बन सकती है। 5.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत में यह प्रीमियम हैचबैक डुअल-टोन इंटीरियर और 90 PS पावर वाले 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन के साथ आती है। इसका ऑटोमैटिक वेरिएंट शहर और हाईवे दोनों जगह स्मूथ राइड देता है और लगभग 22.35 किमी प्रति लीटर का माइलेज निकाल लेता है। इसमें ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 6 एयरबैग्स जैसे फीचर्स भी मिल जाते हैं।
Maruti Suzuki Wagon R
पारिवारिक जरूरतों के हिसाब से मारुति वैगनआर भारतीय परिवारों की पहली पसंद बनी हुई है। 4.99 लाख रुपये की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत से आने वाली इस टॉल-बॉय डिजाइन कार में बैठने के लिए बेहतरीन हेडरूम और 341 लीटर का बूट स्पेस मिलता है। 1.0-लीटर और 1.2-लीटर पेट्रोल इंजन विकल्पों के साथ यह कार बेहद किफायती साबित होती है। इसका पेट्रोल वेरिएंट लगभग 25.19 किमी प्रति लीटर और CNG वेरिएंट 34.05 किमी प्रति किग्रा का शानदार माइलेज देता है। शहर की तंग गलियों में चलाने के लिए इसका ऑटोमैटिक ऑप्शन काफी सहूलियत भरा रहता है।
Bilaspur News Update : बिलासपुर. विजयादशमी उत्सव के उपलक्ष्य में महाराणा प्रताप उपनगर सिरगिट्टी बस्ती के बन्नाकचौक में आज राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से पथ संचलन निकाला जाएगा. दोपहर 2 बजे शुरू होने वाला यह संचलन मुख्य मार्गों से होते हुए गोविंद नगर पहुंचेगा, जहां से वापस बन्नाक चौक लौटकर संपन्न होगा. आयोजन को लेकर क्षेत्र के संघ स्वयंसेवक तैयारियों में जुटे हैं. पथ संचलन में स्वयंसेवक निर्धारित गणवेश में अनुशासित कदमताल करते हुए एकजुटता, संगठन और राष्ट्रसेवा का संदेश देंगे. संघ की परंपरा में विजयादशमी के अवसर पर आयोजित पथ संचलन अनुशासन, सामूहिकता और सामाजिक समरसता का प्रतीक माना जाता है.
बाघिन ने दो हिरणों का किया शिकार
लोरमी. वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारीडोंगरी के जंगल में एक बाघिन ने दो हिरण का शिकार किया है. घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग अलर्ट मोड पर है, पूरे क्षेत्र में सतर्कता के लिए मुनादी कराने के साथ-साथ बाघिन की खोजबीन शुरू कर दी गई है. मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम को वन परिक्षेत्र खुड़िया के कारिडोंगरी के पास पेट्रोलिंग करने वाले स्टाफ को एक बाघिन का पग मार्ग दिखा, उन्होंने इसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी. अधिकारियों के मार्गदर्शन में वन अमले ने आसपास गस्त किया, तब शाम को ही कक्ष क्रमांक 494/95 मे दो हिरण मृत अवस्था में पाया गया. जिसे देखते हुए बाघिन के हमले से हिरण का शिकार होने की आशंका जताई जा रही है. बाघिन का पगमार्ग मिलने और शिकार हुए हिरणों की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारियों ने मैदानी अमले को तत्काल निगरानी के लिए आदेश दिए हैं. घटना को लेकर पूरे क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया गया है. ग्रामीणों को अकेले जंगल की ओर नहीं जाने की सलाह भी दी गई है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना न हो. उपवनमंडलाधिकारी डी एस सूर्यवंशी ने बताया कि वन अमले के द्वारा बाघिन की तलाश की जा रही है, उन्होंने बाघिन को संभवतः अचानकमार टाइगर रिजर्व में जाने की आशंका जताई है. वनमंडल अधिकारी तन्मय कौशिक ने बताया कि वन विभाग द्वारा क्षेत्र में ट्रैप कैमरा लगाया गया है और नियमित गश्ती एवं निगरानी की जा रही है. वन विभाग द्वारा ग्राम कारीडोंगरी झलरी दुल्लापुर खुडिया कंसरी सहित आसपास के सभी ग्रामों के निवासियों से अपील की गई है कि वे अनावश्यक रूप से जंगल में प्रवेश न करें. मवेशियों को जंगल में चरने के लिए न ले जाएं बाघिन अथवा उसके पर्व मार्ग दिखाई देने पर तत्काल वन विभाग को सूचित करें.
सरपंच चुनाव की रंजिश में युवक की हत्या
मुंगेली. सरपंच चुनाव में महज 8-9 मतों से मिली हार की रंजिश में तुलसी साहू (32) की हत्या कर दी गई. मुंगेली पुलिस ने अंधेकत्ल का खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. हत्या की साजिश मुख्य आरोपी धनीराम साहू ने रची थी, जिसके लिए 1 लाख 20 हजार रुपये की सुपारी तय की थी. पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 के सरपंच चुनाव में धनीराम साहू हार गया था, झुलुराम वर्मा चुनाव जीतकर सरपंच निर्वाचित हुए थे. उसे शक था कि मतगणना अभिकर्ता रहे तुलसी साहू ने कुछ मत निरस्त करवाकर उसकी हार सुनिश्चित की. इसी रंजिश में उसने अपने साले भुवन साहू और अन्य लोगों के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई. 25 अक्टूबर की शाम तुलसी घर से निकला था. आरोपियों ने ग्राम पेण्ड्री ‘स’ के पास उसकी मोटरसाइकिल रुकवाकर कार में अपहरण कर लिया. उसे ट्यूबवेल के पंप हाउस में ले जाकर 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर चुनाव में कथित गड़बड़ी स्वीकार करवाने संबंधी बातें लिखवाईं और वीडियो बनाया. इसके बाद बिजली के तार से पैर बांधकर गमछे से गला घोंट दिया. हत्या के बाद शव को गणेश मिनरल्स के पास कीचड़ में फेंककर कांटेदार झाड़ियों से ढंक दिया गया.
वंदे भारत मेंटेनेंस प्रक्रिया और पिट लाइन का जीएम ने लिया जायजा
बिलासपुर. दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक तरूण प्रकाश ने आज 31 अक्टूबर 2026 को बिलासपुर में वंदे भारत मेंटेनेंस डिपो का विस्तृत निरीक्षण किया. उन्होंने डिपो में स्थापित विभिन्न मशीनों, उपकरणों एवं स्वचालित प्रणालियों की कार्यप्रणाली, कार्यक्षमता एवं संचालन व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया. साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं पर्यवेक्षकों से इनके संचालन एवं रखरखाव के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की. उन्होंने सभी मशीनों एवं उपकरणों का संरक्षा मानकों के अनुरूप सुचारू एवं संरक्षित संचालन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया. निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने डिपो में स्थापित अत्याधुनिक ऑटोमेटिक कोच वॉशिंग प्लांट का भी अवलोकन किया. इस दौरान महाप्रबंधक के समक्ष वंदे भारत एक्सप्रेस रैक की धुलाई का भौतिक परीक्षण किया गया. उन्होंने प्लांट की कार्यक्षमता एवं स्वचालित धुलाई प्रक्रिया का जायजा लेते हुए डिपो में उपलब्ध आधुनिक सुविधाओं के प्रभावी उपयोग पर बल दिया. इसके पश्चात लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर वंदे भारत डिपो में महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश द्वारा मुख्यालय एवं मंडल के अधिकारियों एवं कमर्चारियों को देश की एकता, अखंडता एवं सुरक्षा बनाए रखने तथा राष्ट्रीय एकता को और अधिक सुदृढ़ करने के लिए पूर्ण निष्ठा एवं समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई गई. इस अवसर पर अपर महाप्रबंधक वजय कुमार साहू, मंडल रेल प्रबंधक राकेश रंजन सहित मुख्यालय और बिलासपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीउपस्थित थे.
ट्रेन की चपेट में आया युवक
रायगढ़. शहर में ओवरब्रिज के नीचे रेलवे फाटक के पास शनिवार को एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक अचानक ट्रेन की चपेट में आ गया. इस हादसे में ट्रेन की चपेट में आने से युवक का दायां हाथ कटकर अलग हो गया है. हादसे के बाद वह बुरी तरह लहूलुहान होकर ट्रैक के पास ही गिर पड़ा, जिससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल निर्मित हो गया. घटना की सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तत्काल घटनास्थल का रुख किया. जवानों ने तत्परता दिखाते हुए खून से लथपथ और गंभीर रूप से घायल युवक को बिना समय गंवाए स्थानीय अस्पताल में पहुंचाया. अत्यधिक खून बह जाने के कारण युवक की स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की विशेष निगरानी में उसका सघन उपचार किया जा रहा है. इस दर्दनाक हादसे के तुरंत बाद जीआरपी ने भी मामले को संज्ञान में लेते हुए अपनी तहकीकात शुरू कर दी है. जीआरपी की टीम घटनास्थल का मुआयना कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि यह घटना महज एक हादसा है, या ट्रैक पार करते समय हुई कोई चूक. फिलहाल पुलिस घायल युवक की शिनाख्त करने के साथ-साथ आसपास के लोगों से भी पूछताछ कर रही है. घटना को लेकर जीआरपी की तहकीकात आरंभ कर दी गई है प्रारंभिक जांच में घायल पुसौर गांव के निवासी होने का पता चला है.
रेणु अग्रवाल, धार। मध्य प्रदेश के धार जिले में बहुप्रतीक्षित इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। परियोजना के टीही-धार रेल खंड पर जल्द ही ट्रेनों के संचालन और ट्रैक की मजबूती परखने के लिए निरीक्षण एवं हाई-स्पीड ट्रायल की तैयारियां जोरों पर हैं। इस रेल खंड पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे (130 Kmph) की रफ्तार से स्पीड ट्रायल किया जाएगा। यात्रियों की सुरक्षा और किसी भी अनहोनी को टालने के लिए पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल द्वारा व्यापक स्तर पर जन-जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है।
सुरक्षा को लेकर रेलवे की चेतावनी
पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, प्रस्तावित हाई-स्पीड ट्रायल को ध्यान में रखते हुए रेलवे ट्रैक के आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों और बस्तियों में मुनादी कराई जा रही है। रेलवे प्रशासन ने साफ चेतावनी दी है कि स्पीड ट्रायल के दौरान ट्रैक पर चलना, बैठना या किसी भी प्रकार की गतिविधि करना बेहद खतरनाक और जानलेवा साबित हो सकता है।लोगों से यह भी विशेष अपील की जा रही है कि वे अपने पशुओं को भी रेलवे ट्रैक से पूरी तरह दूर रखें।
6 नवंबर को विशेष सतर्कता
आगामी 6 नवंबर को सुबह 8:00 से 9:00 बजे के बीच ट्रैक से सुरक्षित दूरी बनाए रखने के लिए माइक के माध्यम से विशेष प्रचार-प्रसार करवाया जा रहा है, साथ ही सोशल मीडिया के जरिए भी लोगों को लगातार जागरूक किया जा रहा है।
प्रशासनिक सतर्कता के बाद लापरवाही की तस्वीरें
रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां लोगों की जानमाल की सुरक्षा के लिए तमाम एहतियाती कदम उठा रही हैं, वहीं दूसरी तरफ मैदानी हकीकत कुछ और ही बयां कर रही है। तमाम चेतावनियों के बाद लोग बिना किसी डर या सावधानी के बेखौफ होकर रेलवे ट्रैक से गुजर रहे हैं। आलम यह है कि लोग अपने मवेशियों को लेकर सीधे रेलवे ट्रैक के बीच से निकलते नजर आ रहे हैं, जो कभी भी किसी बड़े हादसे को न्योता दे सकता है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने मवेशियों की सुरक्षा को सर्वोपरि रखें और स्पीड ट्रायल के दौरान रेलवे ट्रैक के आसपास बिल्कुल न जाएं।
मध्य प्रदेश के धार जिले में बहुप्रतीक्षित इंदौर-दाहोद नई रेल लाइन परियोजना के तहत एक बड़ा कदम उठाया जा रहा है। परियोजना के टीही-धार रेल खंड पर जल्द ही ट्रेनों के संचालन और ट्रैक की मजबूती परखने के लिए निरीक्षण एवं हाई-स्पीड ट्रायल की तैयारियां जोरों पर हैं। इस रेल खंड पर 130… pic.twitter.com/Jybv1qhAbn
नितिन नामदेव, रायपुर। केंद्र सरकार ने दीपावली से पूर्व छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों को टैक्स डिवोल्यूशन की अग्रिम किस्त जारी की गई है। छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपए की राशि आवंटित किए जाने पर वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रदेशवासियों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया है.
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने सोशल मीडिया में किए अपने पोस्ट में कहा कि इस राशि से प्रदेश में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी. इस निर्णय के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद.
आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केंद्र सरकार द्वारा दीपावली के पावन पर्व से पूर्व छत्तीसगढ़ समेत अन्य राज्यों को टैक्स डिवोल्यूशन की अग्रिम किस्त जारी की गई है।
इसके अंतर्गत छत्तीसगढ़ को 3,602 करोड़ रुपए की महत्वपूर्ण राशि आवंटित की गई है। इससे प्रदेश में विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं को नई गति मिलेगी।
इस निर्णय के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री जी एवं माननीय केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण जी का समस्त प्रदेशवासियों की ओर से हार्दिक आभार एवं धन्यवाद।
@narendramodi @nsitharaman @PMOIndia
Automobile Desk: लक्जरी और हाई-परफॉर्मेंस सुपरकार्स बनाने के लिए मशहूर ब्रिटिश कार निर्माता कंपनी मैकलारेन (McLaren) ऑटोमोबाइल जगत में एक नया धमाका करने की तैयारी में है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में कंपनी की ओर से एक नई सुपरकार की झलक दिखाई गई है, जिसे लेकर कार लवर्स के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कंपनी ने हाल ही में लंदन के मशहूर कोवेंट गार्डन (Covent Garden) में एक बेहद अनूठे अंदाज में McL 820 का टीजर सार्वजनिक किया है।
लंदन के इस प्रमुख स्थान पर कंपनी ने अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ी एक विशाल ‘कीवी’ (Kiwi) बर्ड की प्रतिमा स्थापित की है। काले और नारंगी (ऑरेंज) रंग के इस आकर्षक स्टैच्यू पर स्पष्ट रूप से ‘McL 820’ लिखा गया है। ऑटो विशेषज्ञों का मानना है कि यह अनोखी पब्लिसिटी एक्टिविटी मैकलारेन की अगली जनरेशन सुपरकार का सीधा इशारा है।
अगर मैकलारेन के पारंपरिक नामकरण मॉडल की बात करें, तो कंपनी अक्सर अपनी गाड़ियों के मॉडल नेम में ही उनकी हॉर्सपावर या पावर आउटपुट का संकेत छुपाकर रखती है। इस आधार पर कयास लगाए जा रहे हैं कि नई McL 820 में 820 PS यानी लगभग 809 bhp की जोरदार मैक्सिमम पावर देखने को मिल सकती है। यदि यह कयास सच साबित होता है, तो यह कार मैकलारेन की अब तक की सबसे पावरफुल सीरीज-प्रोडक्शन रोड कार का खिताब अपने नाम कर सकती है। मौजूदा समय में उपलब्ध 750S मॉडल 740 bhp की पावर जेनरेट करता है, जिसके मुकाबले नई कार पावर के मामले में काफी आगे निकल जाएगी।
कार के नाम में ‘McL’ शब्द का इस्तेमाल भी अपने आप में काफी दिलचस्प है। इससे पहले यह खास नेमप्लेट केवल McL 6GT के साथ देखी गई थी, जिसे मॉन्टेरी कार वीक के दौरान शोकेस किया गया था। वहीं दूसरी तरफ, प्रमोटिंग के लिए इस्तेमाल किया गया ‘स्पीड कीवी’ मैकलारेन के फाउंडर ब्रूस मैकलारेन की न्यूजीलैंड की जड़ों से जुड़ने के इतिहास को दर्शाता है। हालांकि, मैकलारेन ने अभी तक आधिकारिक रूप से यह पुष्टि नहीं की है कि McL 820 किसी फाइनल प्रोडक्शन कार का आधिकारिक नाम होगा या कोई कांसेप्ट नेम।
पावरट्रेन और इंजन सेटअप की बात करें तो ऑटोमोबाइल इंडस्ट्री से छनकर आ रही खबरों के मुताबिक नई McL 820 में एक नया हाइब्रिड V8 इंजन दिए जाने की पूरी संभावना है। कंपनी काफी समय से अपने इन-हाउस पावरट्रेन डेवलपमेंट पर काम कर रही है। करीब 820 PS की क्षमता वाले इस हाइब्रिड सेटअप के साथ यह नई कार वैश्विक बाजार में आते ही फेरारी 12Cilindri, एस्टन मार्टिन वैन्क्विश, फेरारी 296 और लेम्बोर्गिनी टेमेरारियो (Lamborghini Temerario) जैसी दिग्गज सुपरकारों को कड़ी टक्कर देगी।
ऑटोमोबाइल जगत में चल रही चर्चाओं के अनुसार यह नई McL 820 सीधे तौर पर मौजूदा McLaren 750S की जगह ले सकती है। कंपनी पहले ही 750S मॉडल के लिए फाइनल ऑर्डर लेने की घोषणा कर चुकी है और माना जा रहा है कि अगले साल तक इस मॉडल का प्रोडक्शन पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा। ऐसे में McL 820 के आगमन से मैकलारेन के सुपरकार पोर्टफोलियो को एक बिल्कुल नया और ज्यादा पावरफुल आयाम मिलने वाला है।
दिल्ली के रामलीला मैदान में विपक्षी गुट ‘INDIA’ की आज महारैली है. विपक्षी दलों के शीर्ष नेताओं के साथ-साथ कार्यकर्ता, छात्र संगठन और नागरिक समाज के प्रतिनिधि शामिल होंगे. कांग्रेस का दावा है कि रैली में 10 लाख लोग जुटेंगे. जिसे लेकर चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने दिल्ली के व्यापार पर गंभीर संकट पर चिंता जताई है. इससे लाखों लोगों को परेशानी होगी.100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन्स ने रैली टालने की अपील की थी.
चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से अपील की है कि वो दिवाली के पीक सीजन में व्यापारियों की मोहब्बत की दुकानें बंद न करें.
कांग्रेस की रामलीला मैदान रैली को लेकर दिल्ली के व्यापारियों और राहुल गांधी के बीच तकरार बढ़ गई है. राहुल गांधी ने रैली में आने वाले लोगों से दिल्ली के बाजारों में खरीदारी कर छोटे दुकानदारों की मदद करने की अपील की थी. राहुल की इस अपील का CTI ने स्वागत किया, लेकिन जमीन पर स्थिति बिल्कुल विपरीत है.
रामलीला मैदान में विपक्षी दलों की रैली के बीच कारोबारियों के संगठन चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री ने राहुल गांधी को चौथा पत्र लिखा है. इस लेटर में CTI ने राहुल की शॉपिंग वाली अपील पर कहा कि जब दुकानें ही बंद रहेगी तो लोग खरीदारी कहां करेंगे.
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल ने कहा है कि इस महारैली के कारण लगभग 3 लाख दुकानों में से 2.5 लाख दुकानें बंद रहने की आशंका है. 80 फीसदी बिजनेस ठप होने और दिवाली के सीजन में करीब 10,000 से 12,000 करोड़ रुपये के व्यापार के प्रभावित होने का दावा किया गया है.
गोयल ने कहा ‘हमें BJP का एजेंट बताया जा रहा है. 100 बड़ी मार्केट एसोसिएशन्स ने आपसे रैली टालने की अपील की थी. ये सब किसी पार्टी के एजेंट नहीं हैं, ये दिल्ली के व्यापारी हैं. इनका काम व्यापार करना है, राजनीति नहीं. उन्होंने कहा कि सबसे बड़ा संकट ट्रांसपोर्ट का है. आज रामलीला मैदान के इर्द-गिर्द 10 किलोमीटर के दायरे में जितने भी ट्रांसपोर्ट हैं, वो लगभग बंद रहेंगे. उन्होंने कहा कि लोडिंग-अनलोडिंग नहीं होगी.
शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां फॉक्सवैगन (Volkswagen) शोरूम के ही एक कर्मचारी ने अपनी पत्नी के महंगे शौक पूरे करने के लिए शोरूम से 23 लाख रुपये की लग्जरी कार चुरा ली। खास बात यह है कि आरोपी ने एक ग्राहक के नाम पर ‘वर्टस जीटी’ (Virtus GT) कार बुक कराई थी और टेस्ट ड्राइव या डिलीवरी के बहाने उसे लेकर फरार हो गया था। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और चोरी की गई कार भी बरामद कर ली है।
ग्राहक के नाम पर बुक कराई थी कार, स्टॉक मिलाने पर हुआ खुलासा
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी गजेंद्र उर्फ ऋषि आनंद पिछले करीब एक साल से इस कार शोरूम में नौकरी कर रहा था।आरोपी ने शोरूम में एक ग्राहक के नाम पर फॉक्सवैगन वर्टस जीटी कार बुक की। इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से वह उस नई नवेली लग्जरी कार को शोरूम से लेकर चंपत हो गया। मामला तब खुला जब कंपनी ने अपने स्टॉक का मिलान किया। स्टॉक में 23 लाख रुपये की यह लग्जरी कार गायब मिलने पर शोरूम प्रबंधन के होश उड़ गए, जिसके बाद तुरंत पुलिस से संपर्क किया गया।
GPS लोकेशन से मिला सुराग, मॉल के पास मिली कार
शोरूम की शिकायत पर हरकत में आई पुलिस ने जब गाड़ी की तकनीकी जांच (टेक्निकल सर्विलांस) शुरू की, तो जीपीएस (GPS) लोकेशन ने पूरे मामले का पर्दाफाश कर दिया। पुलिस ने जीपीएस के जरिए कार की लोकेशन ट्रैक की, जो आशिमा मॉल के पास मिली। जब पुलिस ने घेराबंदी की, तो गाड़ी को कोई और नहीं बल्कि आरोपी की पत्नी चला रही थी। इसके बाद पुलिस की जांच में शोरूम कर्मचारी गजेंद्र की मुख्य भूमिका सामने आ गई।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी गजेंद्र की पत्नी को महंगी और लग्जरी कारों में घूमने का बहुत शौक था। पत्नी की इसी जिद और महंगे शौक को पूरा करने के लिए उसने अपनी ही कंपनी में धोखाधड़ी कर यह दुस्साहस किया। अशोका गार्डन थाना पुलिस ने आरोपी गजेंद्र को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 23 लाख रुपये की चोरी गई लग्जरी कार बरामद कर ली है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि इस चोरी की साजिश में कोई अन्य व्यक्ति शामिल था या नहीं और क्या इस कार की चोरी में पत्नी को पहले से पूरी जानकारी थी या नहीं।
Bastar News Update : जगदलपुर. बस्तर में खेती की सबसे बड़ी विडंबना यह है कि जिस इलाके से इन्द्रावती जैसी नदी बहती है, उसी इलाके के किसान सिंचाई के लिए बारिश के भरोसे बैठे हैं. नदी में पानी है, एनीकट में जलभराव भी है, लेकिन खेतों तक पानी पहुंचाने का इंतजाम अब तक नहीं हो सका. लोहण्डीगुड़ा ब्लॉक के टाकरागुड़ा, उसरीबेड़ा, धुरागांव और बड़ांजी में सामूहिक उद्वहन सिंचाई योजनाओं को वर्ष 2022 में मंजूरी मिली थी. तीन साल से ज्यादा वक्त गुजर गया, लेकिन योजनाएं जमीन पर उतरने के बजाय फाइलों में ही अटकी हुई हैं. इसका सीधा नुकसान उन किसानों को उठाना पड़ रहा है, जो रबी और ग्रीष्मकालीन फसल लेने का सपना देखते हैं. यह पहली बार नहीं है, जब सिंचाई योजनाएं बदहाली का शिकार हुई हैं. इन्द्रावती और नारंगी नदी पर पुरानी उद्वहन योजनाएं भी रखरखाव के अभाव में दम तोड़ चुकी हैं. कुम्हली योजना का विस्तार भी प्रस्तावित था, लेकिन उसकी स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ. दूसरी तरफ सीमावर्ती ओडिशा में किसान सिंचाई सुविधाओं के दम पर साल में तीन फसल ले रहे हैं. सवाल यह है कि जब बस्तर में पानी का प्राकृतिक स्रोत मौजूद है, तो किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने की व्यवस्था आखिर कब बनेगी?
Bastar News Update : 37 दिन बाद पटरी पर लौटी यात्री ट्रेनें, लेकिन बदले हुए समय से यात्रियों को रखनी होगी नजर
जगदलपुर. बस्तर के रेल यात्रियों का लंबा इंतजार अब खत्म होने लगा है, लेकिन ट्रेन पकड़ने के लिए अब पुरानी समय सारणी पर भरोसा करना भारी पड़ सकता है. केके रेललाइन पर भूस्खलन के कारण बाधित यात्री परिवहन धीरे-धीरे बहाल किया जा रहा है. 25 सितंबर को मल्लीगुड़ा और जरति के बीच हुए भूस्खलन ने रेल संपर्क रोक दिया था. इसके बाद ट्रेनों को दोबारा चलाने की तैयारी हुई, लेकिन चक्रवाती तूफान के कारण बहाली की तारीख आगे बढ़ानी पड़ी. अब समलेश्वरी और हीराखंड एक्सप्रेस का परिचालन 1 नवंबर से शुरू हो रहा है. वहीं राउरकेला इंटरसिटी और नाइट एक्सप्रेस 4 नवंबर से फिर पटरी पर लौटेंगी. राहत के साथ रेलवे ने तीन एक्सप्रेस ट्रेनों की समय सारणी में भी बदलाव किया है. जगदलपुर से राउरकेला इंटरसिटी अब दोपहर 2:10 के बजाय 2 बजे रवाना होगी. नाइट एक्सप्रेस शाम 7:50 के बजाय 6:45 बजे ही जगदलपुर से छूटेगी. वहीं समलेश्वरी एक्सप्रेस का प्रस्थान समय सुबह 5:32 से बदलकर 5:20 बजे कर दिया गया है. ऐसे में यात्रियों को सफर से पहले नई समय सारणी की जानकारी लेना जरूरी होगा.
शहर की सड़कों पर मलबा फैलाने वालों की खैर नहीं, निगम ने वसूला 17 हजार 500 का जुर्माना
जगदलपुर. शहर को साफ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ नगर निगम की नहीं, बल्कि उन कारोबारियों की भी है, जिनकी लापरवाही से सार्वजनिक रास्ते और नालियां प्रभावित हो रही हैं. जगदलपुर में इसी लापरवाही पर अब नगर निगम ने सख्ती दिखाई है. निगम की उड़नदस्ता टीम ने अलग-अलग वार्डों में औचक निरीक्षण कर गंदगी फैलाने और निर्माण मलबा सड़क पर डालने वालों के खिलाफ कार्रवाई की. अभियान में कुल 17 हजार 500 रुपए का जुर्माना वसूला गया. गांधीनगर वार्ड में अनीश मेंस वेयर पर सरकारी भवन परिसर में गंदगी फैलाने के लिए 5 हजार रुपए का अर्थदंड लगाया गया. मुख्य मार्ग पर निर्माण सामग्री और मलबा फैलाने के मामले में दूल्हा साहब कपड़ा दुकान पर भी 5 हजार रुपए की कार्रवाई हुई. प्रताप देव वार्ड में तस्वीर इलेक्ट्रॉनिक्स पर 2500 रुपए का जुर्माना लगाया गया. वहीं बालाजी वार्ड में बंसल नर्सिंग होम से सड़क और नाली अवरुद्ध करने पर 5 हजार रुपए वसूले गए. निगम अधिकारियों ने मौके पर ही जुर्माना वसूलते हुए दोबारा ऐसी लापरवाही नहीं करने की चेतावनी दी है. अब देखना होगा कि जुर्माने की यह कार्रवाई शहर की सफाई व्यवस्था में कितना स्थायी बदलाव ला पाती है.
Bastar News Update : तीन दशक बाद जंगल सफारी का रास्ता खुला
बीजापुर. नक्सल प्रभावित पहचान से आगे बढ़कर बीजापुर अब अपने प्राकृतिक खजाने के दम पर पर्यटन के नक्शे पर नई पहचान बनाने की तैयारी में है. करीब तीन दशक बाद इंद्रावती टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी शुरू होने जा रही है. 1 नवंबर से पर्यटक यहां घने जंगलों और वन्यजीवों को करीब से देखने का अनुभव ले सकेंगे. पहले चरण में उल्लूर गांव से उंडलापर्ती तक करीब 9 किलोमीटर का सफारी ट्रैक तैयार किया गया है. सफारी संचालन के लिए चार जिप्सी वाहन उपलब्ध कराए गए हैं और प्रति सफारी 2 हजार रुपए शुल्क निर्धारित किया गया है. 2,799.07 वर्ग किलोमीटर में फैला इंद्रावती टाइगर रिजर्व देश के बड़े टाइगर रिजर्व में शामिल है. यहां बाघ, तेंदुआ, जंगली भैंसा, गौर, चीतल और ऊदबिलाव जैसे वन्यजीवों के साथ दुर्लभ पक्षियों की कई प्रजातियां मौजूद हैं. इस पहल की खास बात यह है कि पर्यटन के साथ स्थानीय युवाओं को भी रोजगार से जोड़ने की तैयारी है. छह युवाओं को गाइड और वाहन चालक के रूप में प्रशिक्षण दिया गया है. सफारी गेट के पास पारंपरिक मिट्टी के घरों की थीम पर जलपान गृह भी बनाया गया है. अब उम्मीद है कि जंगल सफारी के जरिए स्थानीय खानपान, हस्तशिल्प और ग्रामीण पर्यटन को भी नई पहचान मिलेगी.
Bastar News Update : 27 प्रतिशत आरक्षण की मांग, पिछड़ा वर्ग ने खोला मोर्चा
जगदलपुर. छत्तीसगढ़ में पिछड़ा वर्ग के राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधित्व का मुद्दा एक बार फिर सड़क पर पहुंच गया है. अपनी आबादी के अनुपात में अधिकार और भागीदारी की मांग को लेकर सर्व पिछड़ा वर्ग समाज ने जिला मुख्यालय में रैली निकालकर प्रदर्शन किया. समाज का दावा है कि प्रदेश की आबादी में पिछड़ा वर्ग की हिस्सेदारी 52 प्रतिशत से अधिक है, लेकिन उसे अब तक उचित प्रतिनिधित्व नहीं मिल रहा. प्रदर्शनकारियों ने प्रदेश में 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग प्रमुखता से उठाई. इसके साथ ही आगामी राष्ट्रीय जनगणना में जातिगत जनगणना कराने और ओबीसी के लिए अलग कॉलम निर्धारित करने की मांग भी रखी गई. समाज ने पंचायत चुनावों में पिछड़ा वर्ग का प्रतिनिधित्व प्रभावित होने पर भी चिंता जताई. प्रदर्शन के बाद राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपाल और मुख्यमंत्री के नाम जिला कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन में पिछड़ा वर्ग के सामाजिक, शैक्षणिक और आर्थिक हितों की सुरक्षा के लिए पांचवीं अनुसूची में शामिल करने की मांग भी रखी गई है. प्रदर्शन में बस्तर संभाग के विभिन्न जिलों से पहुंचे पदाधिकारी और प्रतिनिधि शामिल हुए. समाज ने स्पष्ट किया है कि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन जारी रहेगा.
पहले बाढ़ ने छीनी फसल, अब कीटों का हमला… किसानों की सालभर की मेहनत पर संकट
जगदलपुर. बस्तर संभाग के किसानों के लिए इस बार खरीफ सीजन लगातार मुश्किलों का दौर बनता जा रहा है. खेतों में फसल तैयार होने से पहले ही कुदरत ने ऐसा चक्र चलाया कि किसानों की उम्मीदें कमजोर पड़ने लगी हैं. शुरुआत में अतिवृष्टि और बाढ़ ने हजारों एकड़ खेतों को प्रभावित किया. लंबे समय तक पानी में डूबी फसल कहीं सड़ गई तो कहीं पौधों की जड़ें कमजोर पड़ गईं. जिन किसानों को बची हुई फसल से कुछ राहत की उम्मीद थी, उनके सामने अब कीट प्रकोप ने नई चुनौती खड़ी कर दी है. कई इलाकों में धान की बालियां कटकर गिर रही हैं और दाने भी नुकसान झेल रहे हैं. कहीं बालियां निकलने के बाद दाने नहीं भर रहे, तो कहीं भूरा माहू और तनाछेदक जैसे कीट फसल को नुकसान पहुंचा रहे हैं. इसका असर सीधे उत्पादन और धान की गुणवत्ता पर पड़ने की आशंका है. किसानों के सामने अब खाद, बीज, कीटनाशक, मजदूरी और खेती की तैयारी में लगी लागत निकालने का संकट है. ऊपर से कटी हुई फसल को खेतों से सुरक्षित निकालना भी आसान नहीं है. ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल फसल नुकसान के वास्तविक आकलन और किसानों को मिलने वाली राहत का है. यदि समय रहते उचित मुआवजा नहीं मिला तो इस साल खेती का घाटा ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर भी भारी पड़ सकता है.
20 फीट की ऊंचाई पर जगमगा रहा आकाशदीप, कार्तिक मास में लक्ष्मी नारायण मंदिर में विशेष आयोजन
जगदलपुर. कार्तिक मास की शाम जगदलपुर के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर में कुछ अलग ही आध्यात्मिक छटा बिखेर रही है. यहां श्रद्धालुओं को आकर्षित कर रहा है करीब 20 फीट की ऊंचाई पर प्रज्ज्वलित आकाशदीप, जिसकी रोशनी धार्मिक परंपरा और आस्था का संदेश दे रही है. भगवान श्रीहरि विष्णु को समर्पित कार्तिक मास में मंदिर परिसर में विशेष दीपदान और आकाशदीप महोत्सव आयोजित किया जा रहा है. 26 अक्टूबर से शुरू हुआ यह आयोजन 24 नवंबर तक चलेगा. हर शाम बांस के सहारे ऊंचाई पर रखी मिट्टी की नई मटकी में घी का दीपक प्रज्ज्वलित किया जाता है. इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना की जाती है. मान्यता है कि कार्तिक मास में दीपदान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है और भगवान श्रीहरि की कृपा बनी रहती है. मंदिर में प्रतिदिन श्रद्धालु पहुंचकर भगवान लक्ष्मी नारायण के चरणों में दीप अर्पित कर रहे हैं. इस दौरान विशेष पूजा, मंगल आरती और भजन-कीर्तन से पूरा परिसर भक्तिमय बना हुआ है. अन्नकूट महोत्सव और गोवर्धन पूजा के बाद भी मंदिर में धार्मिक आयोजनों का सिलसिला जारी है. आकाशदीप की यह परंपरा देवताओं और पितरों के मार्ग को प्रकाशमान करने की धार्मिक मान्यता से जुड़ी हुई है.
पटना। बिहार की राजनीति में अपनी मजबूत पकड़ रखने वाली जनता दल यूनाइटेड (JDU) अब पड़ोसी राज्य उत्तर प्रदेश में सियासी जमीन तलाशने की पूरी तैयारी में है। इसी राजनीतिक रणनीति के तहत पार्टी ने यूपी में अपना दायरा बढ़ाने और संगठन को मजबूत करने की दिशा में कदम बढ़ा दिए हैं। राज्य की राजनीति में जेडीयू की सक्रियता और आगामी चुनावों की तैयारियों को लेकर पार्टी का यह अभियान काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
निशांत कुमार का वाराणसी दौरा
उत्तर प्रदेश में पार्टी संगठन को धार देने के लिए मंत्री निशांत कुमार वाराणसी पहुंच चुके हैं। आज रविवार को वाराणसी के रोहनिया विधानसभा क्षेत्र के करौता रामलीला बाजार मैदान में दोपहर 1 बजे से एक भव्य प्रदेशस्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। इस दौरे की शुरुआत उन्होंने अपने पिता और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से आशीर्वाद लेकर की थी। इसके बाद वह पटना जंक्शन से ट्रेन के जरिए वाराणसी के लिए रवाना हुए। खास बात यह रही कि इस यात्रा के दौरान उनका अंदाज बेहद साधारण और चर्चा का विषय बना रहा। किसी भी प्रकार के वीआईपी इंतजाम की बजाय उन्होंने आम यात्रियों की तरह ट्रेन में सफर किया और साधारण भोजन किया। उनके साथ जेडीयू प्रवक्ता और एमएलसी नीरज कुमार भी इस यात्रा में मौजूद रहे।
सम्मेलन में शामिल होंगे पार्टी के दिग्गज नेता
वाराणसी में आयोजित होने वाले इस कार्यकर्ता सम्मेलन में पार्टी के कई दिग्गज और वरिष्ठ नेता शिरकत कर रहे हैं। कार्यक्रम में जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद संजय झा, बिहार सरकार के मंत्री निशांत कुमार, यूपी संगठन प्रभारी एवं कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार, तथा उत्तर प्रदेश जेडीयू अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल मुख्य रूप से शामिल होंगे। इस सम्मेलन के जरिए पार्टी कार्यकर्ताओं में नया जोश भरने और उन्हें बूथ स्तर तक सक्रिय करने की रणनीति पर जोर दिया जाएगा।
एनडीए के साथ समीकरण
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए जेडीयू अपनी राजनीतिक ताकत और दावेदारी को लगातार मजबूत कर रही है। पार्टी की योजना एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर चुनाव लड़ने की संभावनाओं के बीच अपनी स्थिति को सुदृढ़ करने की है। वाराणसी का यह कार्यकर्ता सम्मेलन इस बात का स्पष्ट संकेत है कि जेडीयू अब बिहार की सीमाओं से बाहर निकलकर अन्य राज्यों में भी अपने संगठनात्मक विस्तार पर पूरी गंभीरता से काम कर रही है।
Nuh Police Encounter : नूंह। हरियाणा के नूंह जिले में गो-तस्करी के खिलाफ कार्रवाई के दौरान पुलिस और आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। सदर थाना क्षेत्र के घासेड़ा में हुई इस घटना में पुलिस की जवाबी कार्रवाई के दौरान एक आरोपी के पैर में गोली लग गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस टीम पर हुई फायरिंग
यह कार्रवाई क्राइम ब्रांच की टीम ने निरीक्षक विनोद कुमार के नेतृत्व में की। पुलिस के अनुसार, घासेड़ा में कार्रवाई के दौरान गो-तस्करों ने टीम पर फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक आरोपी घायल हो गया।
तीन गोवंश और हथियार बरामद
घायल आरोपी की पहचान दिलशाद उर्फ दिल्ला निवासी सुडाका के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से तीन गोवंश, एक देसी कट्टा और एक कारतूस बरामद किया है।
मेडिकल कॉलेज में कराया भर्ती
गोली लगने से घायल दिलशाद को इलाज के लिए नूंह स्थित बलिदानी हसन खां नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस मामले की आगे की कार्रवाई में जुटी है।