Pakistan Cricket: पाकिस्तान क्रिकेट में कभी भी कुछ भी हो सकता है. ऐसा हम नहीं कह रहे, बल्कि पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड खुद ही अपनी अनिश्चितताओं और अनोखे फैसलों को लेकर दुनिया भर में मशहूर है. 18 अप्रैल 2026 को एक बार फिर उसने कुछ ऐसा ही किया है. जिस खिलाड़ी ने पिछले महीने ही अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा था, उसे अब टीम का हेड कोच बना दिया गया है. ये कोई और नहीं बल्कि पूर्व कप्तान सरफराज अहमद हैं, जो अब पाकिस्तान की टेस्ट टीम के नए हेड कोच बन गए हैं. सरफराज ने अभी संन्यास की स्याही सूखने भी नहीं दी थी कि बोर्ड ने उन्हें इतनी बड़ी जिम्मेदारी सौंप दी.
दरअसल, मई में पाकिस्तान टीम को बांग्लादेश के दौरे पर जाना है. इस सीरीज के लिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने अपने पूरे कोचिंग स्टाफ को ही बदल दिया है. सरफराज अहमद के साथ दो और दिग्गजों की एंट्री हुई है. टीम को हेड कोच के अलावा नए बैटिंग और बॉलिंग कोच भी मिल गए हैं.

सरफराज अहमद हेड कोच बने
2017 में पाकिस्तान को चैंपियंस ट्रॉफी जिताने वाले सरफराज अहमद अब कोचिंग की नई पारी शुरू करेंगे. पिछले महीने संन्यास लेने के बाद से ही ये चर्चाएं तेज थीं कि वे बोर्ड के साथ किसी बड़ी भूमिका में जुड़ सकते हैं. सरफराज ने हाल ही में ‘पाकिस्तान शाहीन’ टीम के मेंटर के तौर पर इंग्लैंड लायंस के खिलाफ काम किया था, जिससे पीसीबी प्रभावित नजर आया. अब वे शान मसूद की कप्तानी वाली टेस्ट टीम को दिशा देंगे.
बैटिंग कोच कौन बना?
सिर्फ हेड कोच ही नहीं, बल्कि बैटिंग और बॉलिंग कोच के लिए भी पीसीबी ने अनुभवी नामों को चुना है. असद शफीक को नया बैटिंग कोच चुना गया है, जिन्होंने 77 टेस्ट मैचों में 4660 रन बनाए थे. 12 शतक जड़ने वाले शफीक अब बल्लेबाजों को गुर सिखाएंगे.
बॉलिंग कोच किसे बनाया गया?
अपने समय के स्टार गेंदबाज उमर गुल पाकिस्तान की टेस्ट टीम के नए बॉलिंग कोच हैं. पाकिस्तान के लिए तीनों फॉर्मेट में 427 विकेट चटकाने वाले पूर्व तेज गेंदबाज उमर गुल तेज गेंदबाजों की धार और तेज करेंगे.
टीम में 4 नए खिलाड़ियों को मौका
बांग्लादेश के खिलाफ 2 टेस्ट मैचों की इस सीरीज के लिए पाकिस्तान ने 16 सदस्यीय टीम का ऐलान किया है. इस टीम में अब्दुल्ला फजल, अमद बट, अजान अवैस और गाजी गोरी के रूप में 4 नए खिलाड़ियों को मौका दिया गया है. गाजी गोरी को छोड़कर बाकी तीनों खिलाड़ी अभी तक अनकैप्ड हैं.
कब से शुरू होगी टेस्ट सीरीज?
पाकिस्तानी टीम 27 अप्रैल से कराची में कैंप करेगी और 2 मई को बांग्लादेश के लिए रवाना होगी. सीरीज का पहला टेस्ट 8 मई से ढाका में और दूसरा 16 मई से सिलहट में खेला जाएगा.
बांग्लादेश टेस्ट सीरीज के लिए पाकिस्तान की टेस्ट टीम
शान मसूद (कप्तान), बाबर आजम, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), शाहीन शाह अफरीदी, अब्दुल्ला फजल, अमद बट, अजान अवैस, हसन अली, इमाम-उल-हक, खुर्रम शहजाद, मोहम्मद अब्बास, मुहम्मद गाजी गोरी (विकेटकीपर), नोमान अली, साजिद खान, सलमान अली आगा और सऊद शकील.
- छत्तीसगढ़ की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

