रायपुर/बलौदाबाजार। दो सूत्रीय मांगों को लेकर आज पूरे प्रदेशभर के पटवारी एक दिवसीय हड़ताल पर बैठे हैं। बलौदाबाजार भाटापारा जिले के पटवारी भी अपनी मांगों को लेकर जिला मुख्यालय के दशहरा मैदान में प्रदर्शन कर शासन से राजस्व निरीक्षक व नायब तहसीलदार के पद पर पदोन्नति व परीक्षा के माध्यम से 50-50 प्रतिशत स्थान देने, साथ ही वेतन विसंगति दूर करने की मांग कर रहे।


पटवारी संघ के सदस्यों ने बताया कि प्रदेश में राजस्व निरीक्षकों की बहुत कमी है। हमारी मांग है कि वरिष्ठता एवं विभागीय परीक्षा के आधार पर हमें प्राथमिकता दी जाए। सन 2013 के बाद से आज तक प्रमोशन नहीं हुआ है। साथ ही वेतन में विसंगति है, जिसे दूर किया जाए। आज हमने एक दिवसीय प्रदर्शन के माध्यम से शासन का ध्यान आकृष्ट किया है। मांग पूरी नहीं होती है तो प्रांत स्तर पर चर्चा कर आगे की रणनीति तय की जाएगी।

सचिव के नाम कलेक्टर को सौंपा गया ज्ञापन
रायपुर जिले के पटवारियों ने पटवारियों की पदोन्नति प्रक्रिया प्रारंभ करने एवं वेतन विसंगति दूर करने सचिव के नाम कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया है कि एक ही समय में भर्ती पटवारियों को वन एवं नजूल शाखा में अलग-अलग अधिकार दिए गए हैं। समान कार्य करने के बावजूद शासन द्वारा स्पष्ट मार्गदर्शन नहीं मिलने के कारण कार्य व्यवस्था में असमानता बनी हुई है, इसे दूर किया जाए। प्रदर्शन में जिला अध्यक्ष रायपुर पटवारी संघ, रायपुर संभाग के पदाधिकारी, नरेश ई. एक्का, गढ़बोले, मुकेश वर्मा, नंदनीलाल ध्रुव, सरोज कुमार, सुनील कुमार साहू, अशोक केशवानी, उमेश चंद्राकर, रामप्रकाश साहू, जनसिंह मरावी सहित जिले के सभी पटवारी उपस्थित रहे।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

