PBKS vs MI IPL 2026: आईपीएल सीजन 19 के 58वें मुकाबले में आज पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) की टीमें आमने-सामने होंगी। दोनों टीमों के बीच मौजूदा सीजन की दूसरी भिड़ंत होगी। इससे पहले मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में PBKS ने MI को 7 विकेट से हराया था। ऐसे में पंजाब की टीम लगातार दूसरी बार मुंबई को मात देकर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाना चाहेगी।

हालांकि, श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स की टीम शुरुआती 7 में से 6 मैच जीतने के बाद अब लगातार हार का सामना कर चुकी है। टीम फिलहाल 12 अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर मौजूद है। दूसरी ओर, प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी मुंबई इंडियंस की नजरें पंजाब से पिछली हार का बदला लेने और उनके प्लेऑफ समीकरण को बिगाड़ने पर होंगी।

बता दें कि पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस के बीच यह मुकाबला धर्मशाला के HPCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा, जबकि टॉस आधा घंटा पहले यानी 7 बजे होगा। मैच से पहले आइए दोनों टीमों के हेड-टू-हेड आंकड़े, पिच रिपोर्ट, संभावित प्लेइंग इलेवन और लाइव स्ट्रीमिंग डिटेल्स समेत सभी जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।

धर्मशाला के HPCA स्टेडियम की पिच रिपोर्ट

धर्मशाला के HPCA स्टेडियम की पिच तेज गेंदबाजों के लिए मददगार मानी जा रही है। पंजाब और मुंबई के मुकाबले से पहले यहां लगातार बारिश हुई है, जिसका असर पिच पर भी देखने को मिल सकता है। सोमवार को इसी मैदान पर पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेले गए मैच में सभी 39 ओवर तेज गेंदबाजों ने डाले थे। दिल्ली के कप्तान अक्षर पटेल और पंजाब के युजवेंद्र चहल को गेंदबाजी करने का मौका तक नहीं मिला। पूरे मैच में तेज गेंदबाजों को अच्छी सीम मूवमेंट मिली, हालांकि दूसरी पारी में ओस भी काफी देखने को मिली थी। ऐसे में आज के मुकाबले में भी पेसर्स का दबदबा रहने की उम्मीद है। मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।

धर्मशाला में IPL रिकॉर्ड्स

धर्मशाला में IPL रिकॉर्ड्स की बात करें तो यहां अब तक 15 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को 6 मुकाबलों में जीत मिली है। इस मैदान पर सबसे बड़ा स्कोर 241/7 रहा है, जबकि सबसे छोटा स्कोर 116 रन है। वहीं रन चेज में सबसे बड़ा सफल स्कोर 178/5 दर्ज किया गया है। HPCA स्टेडियम में पहली पारी का औसत स्कोर 189 रन रहा है, जबकि प्रति ओवर औसतन 9.02 रन बने हैं।

PBKS बनाम MI हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी ?

PBKS और MI के बीच IPL इतिहास में हमेशा कांटे की टक्कर देखने को मिली है। दोनों टीमों के बीच अब तक 35 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें पंजाब किंग्स ने 18 और मुंबई इंडियंस ने 17 मैच जीते हैं, जबकि एक मुकाबला टाई रहा। ऐसे में आज एक बार फिर दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिल सकता है।

PBKS और MI की संभावित प्लेइंग 11

पंजाब किंग्स (PBKS)

प्रियांश आर्या, प्रभसिमरन सिंह (विकेटकीपर), कूपर कोनोली, श्रेयस अय्यर (कप्तान), मार्कस स्टोयनिस, सूर्यांश शेडगे, मार्को यानसन, लॉकी फर्ग्यूसन, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल, यश ठाकुर।

इम्पैक्ट प्लेयर: शशांक सिंह।

मुंबई इंडियंस (MI)

रायन रिकेल्टन (विकेटकीपर), नमन धीर, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), तिलक वर्मा, विल जैक्स, राज बावा, कॉर्बिन बॉश, शार्दुल ठाकुर, दीपक चाहर, अल्लाह गजनफर और जसप्रीत बुमराह।

इम्पैक्ट प्लेयर: रोहित शर्मा।

कहां देख सकेंगे लाइव मैच?

आईपीएल 2026 के प्रसारण अधिकार स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के पास हैं। दर्शक इस मुकाबले का लाइव प्रसारण शाम 7:30 बजे से टीवी पर स्टार स्पोर्ट्स के चैनलों पर देख सकते हैं। वहीं मैच की लाइव स्ट्रीमिंग JioHotstar ऐप पर उपलब्ध रहेगी। इसके अलावा, लल्लूराम डॉट कॉम पर भी आप मैच से जुड़ी हर अपडेट और लाइव स्कोर देख सकते हैं।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H