PBKS vs MI IPL 2026: आईपीएल में आज पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेले जाने वाले मैच पर मौसम का साया मंडराने लगा है। आज शाम धर्मशाला में होने वाले इस मुकाबले से पहले लगातार हो रही बारिश ने दोनों टीमों की टेंशन बढ़ा दी है। प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए PBKS के लिए यह मैच बेहद अहम माना जा रहा है, लेकिन हिमाचल के बदलते मौसम ने फैंस की चिंता भी बढ़ा दी है।
धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में मुकाबला बुधवार शाम 7:30 बजे से खेला जाना है। हालांकि, मैच से एक दिन पहले से ही यहां तेज बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, शाम तक बारिश में कमी आने की संभावना है, लेकिन मैच के समय हल्की बूंदाबांदी हो सकती है। ऐसे में मुकाबले के दौरान रुकावट की आशंका बनी हुई है।
इस बीच MI ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर धर्मशाला स्टेडियम का एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें मैदान पर तेज बारिश होती दिखाई दे रही है। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर फैंस लगातार मौसम को लेकर चर्चा कर रहे हैं।
देखें VIDEO
पंजाब के लिए अहम मुकाबला

पंजाब किंग्स के लिए यह मुकाबला बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। टीम ने सीजन की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी और शुरुआती सात मैचों में छह जीत दर्ज कर पॉइंट्स टेबल में मजबूत स्थिति बना ली थी। लेकिन इसके बाद लगातार चार हार ने टीम की राह मुश्किल कर दी। अब श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली पंजाब किंग्स धर्मशाला में जीत के साथ वापसी करना चाहेगी।

वहीं, हार्दिक पांड्या की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस भी सम्मान बचाने के इरादे से मैदान में उतरेगी। टीम को पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ बड़ी हार का सामना करना पड़ा था। ऐसे में मुंबई की नजर सीजन का अंत सकारात्मक प्रदर्शन के साथ करने पर होगी।
धर्मशाला का मौसम कैसा रहेगा?
मौसम विभाग और एक्यूवेदर की रिपोर्ट के मुताबिक, धर्मशाला में दिन के समय तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। वहीं, रात में ठंडी हवाएं खिलाड़ियों के लिए चुनौती बन सकती हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, मैच वाले दिन दिनभर 40 से 50 प्रतिशत तक बारिश होने की संभावना जताई गई है। टॉस से पहले तक करीब 47 प्रतिशत बारिश के आसार बताए गए हैं। अगर बारिश तेज हुई तो मैदान गीला होने की वजह से मुकाबले में देरी या रुकावट आ सकती है। हालांकि, शाम 7 बजे के बाद मौसम में सुधार की उम्मीद जताई गई है, लेकिन पहाड़ी इलाकों में मौसम कब करवट ले ले, इसका अंदाजा लगाना मुश्किल माना जाता है।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H

