प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार रात अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस से फोन पर बातचीत की। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बातचीत की जानकारी साझा की। पीएम मोदी ने बताया कि उन्होंने जेडी वेंस को उनके बेटे के जन्म पर बधाई और शुभकामनाएं भी दीं। गौरतलब है कि 19 जुलाई को वेंस चौथी बार पिता बने थे।

मार्च 2025 में भारत आए थे जेडी वेंस

अमेरिकी उपराष्ट्रपति जेडी वेंस 3 से 7 मार्च 2025 तक भारत दौरे पर आए थे। उनके साथ पत्नी उषा वेंस और तीनों बच्चे इवान, विवेक और मिराबेल भी भारत पहुंचे थे। दिल्ली एयरपोर्ट पर केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने उनका स्वागत किया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। उपराष्ट्रपति बनने के बाद यह वेंस की पहली आधिकारिक भारत यात्रा थी। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी से भी मुलाकात की थी।

2027 की शुरुआत में भारत आ सकते हैं डोनाल्ड ट्रंप

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के 2027 की शुरुआत में भारत आने की संभावना भी जताई गई है। 27 जून को व्हाइट हाउस में विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने ट्रंप की संभावित भारत यात्रा को लेकर संकेत दिए थे। यह राष्ट्रपति के तौर पर ट्रंप की दूसरी भारत यात्रा हो सकती है। इससे पहले वह फरवरी 2020 में भारत आए थे और अहमदाबाद में आयोजित ‘नमस्ते ट्रंप’ कार्यक्रम में शामिल हुए थे।

उषा वेंस का भारत से खास कनेक्शन

जेडी वेंस की पत्नी उषा वेंस के माता-पिता आंध्र प्रदेश से हैं और 1980 के दशक में अमेरिका जाकर बसे थे। उषा का पालन-पोषण भारतीय संस्कृति और हिंदू परंपराओं के बीच हुआ। उन्होंने येल विश्वविद्यालय से पढ़ाई करने के बाद कैम्ब्रिज से मास्टर ऑफ फिलॉसफी की डिग्री हासिल की। वह अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस जॉन रॉबर्ट्स के लिए क्लर्क के तौर पर भी काम कर चुकी हैं।

भारत पर 100% टैरिफ वाला बिल चर्चा में

अमेरिकी सीनेट ने भारत समेत पांच देशों पर 100% तक टैरिफ लगाने वाले प्रस्ताव को 86-11 के बहुमत से मंजूरी दी है। प्रस्ताव का उद्देश्य रूस की तेल से होने वाली कमाई को कम करना है। हालांकि, यह अभी कानून नहीं बना है। इसे हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स से मंजूरी और इसके बाद राष्ट्रपति ट्रंप की स्वीकृति जरूरी होगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m