अखिलेश बिल्लौरे, हरदा। सरकारी रिकॉर्ड की एक बड़ी त्रुटि ने टिमरनी तहसील के ग्राम अहलवाड़ा निवासी 58 वर्षीय दिव्यांग बुजुर्ग करण सिंह की परेशानी बढ़ा दी है। पोर्टल पर उन्हें मृत दर्ज कर दिए जाने के कारण वे संबल योजना का लाभ नहीं ले पा रहे हैं। समस्या के समाधान के लिए पिछले कई महीनों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काट रहे करण सिंह मंगलवार को अपने बेटे मोहनसिंह सावनेर के साथ कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई।

करण सिंह ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले उनके पैर के पंजे में फोड़ा हो गया था। मधुमेह की वजह से घाव गंभीर हो गया और जिला अस्पताल में उनका पैर काटना पड़ा। बाद में उन्होंने कृत्रिम पैर लगवाया। करीब सात महीने पहले उन्होंने संबल योजना के तहत सहायता पाने के लिए आवेदन किया, लेकिन प्रक्रिया के दौरान पता चला कि सरकारी पोर्टल पर उन्हें मृत दर्शाया गया है। इसके बाद से वे लगातार संबंधित विभागों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन अब तक रिकॉर्ड में सुधार नहीं हो सका है।

इधर पीड़ित का कहना है कि संबल योजना का लाभ 60 साल की उम्र तक ही मिलता है। वर्तमान में उनकी उम्र 58 साल है, इसलिए समय रहते त्रुटि नहीं सुधरी तो वे योजना के लाभ से वंचित हो सकते हैं। वहीं श्रम विभाग के सहायक श्रम अधिकारी मनीष चौरसिया ने बताया कि संबल एवं समग्र पोर्टल की जांच कर समस्या का समाधान किया जाएगा। मोबाइल नंबर और ओटीपी से संबंधित प्रक्रिया पूरी होने के बाद त्रुटि का कारण स्पष्ट हो सकेगा। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m