नितिन नामदेव, रायपुर। राजधानी रायपुर में पहाड़ी माता का तृतीय वार्षिक मंगल पाठ श्रद्धा और भक्ति के माहौल में संपन्न हुआ। पहाड़ी माता भक्त परिवार की ओर से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। इस दौरान दिनभर पूजा-पाठ, भजन और विभिन्न धार्मिक उत्सवों का आयोजन किया गया।
बता दें कि पहाड़ी माता का मंदिर हरियाणा के भिवानी जिले में लोहारू के पहाड़ी गांव में स्थित है। माता को समाज की कुलदेवी के रूप में पूजा जाता है। रायपुर में आयोजित मंगल पाठ में कोलकाता से पहुंचीं पाठ वाचक रोशनी गुप्ता और पाठ वाचक कुमार मरनी ने मंगल पाठ का वाचन किया।

धार्मिक कार्यक्रमों ने बांधा समां
मंगल पाठ के अवसर पर धोक पूजा और निशान यात्रा समेत कई धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके साथ ही स्वपनी प्रसाद, सेवा मंगल पाठ और भजन संध्या का भी आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ इन कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।

कार्यक्रम में पान भोग और छप्पन भोग के साथ गजरा उत्सव, मेहंदी उत्सव और चुनरी उत्सव भी आयोजित किए गए। वहीं फूल वर्षा के दौरान भक्तिमय माहौल और भी खास हो गया।
भक्ति में सराबोर नजर आया आयोजन स्थल

मंगल पाठ और भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु माता की भक्ति में लीन नजर आए। समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में पहुंचकर धार्मिक आयोजन में सहभागिता की। पूजा-अर्चना और विभिन्न उत्सवों के बीच पूरा आयोजन भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H


