सुप्रिया पाण्डेय, रायपुर। राजधानी रायपुर में आयोजित द लोकल मेकर्स मार्केट-एडिशन 2 दूसरे दिन भी लोगों के बीच आकर्षण का केंद्र बना रहा। विधानसभा रोड स्थित द वाहे में चल रहे इस तीन दिवसीय आयोजन में देशभर से आए शिल्पकार, कलाकार और मेकर्स अपनी कला, हुनर और रचनात्मक उत्पादों का प्रदर्शन कर रहे हैं।

31 जुलाई से 2 अगस्त तक आयोजित इस मेकर्स मार्केट में देशभर के 70 से अधिक मेकर्स और 10 से ज्यादा कलाकार हिस्सा ले रहे हैं। आयोजन में हस्तनिर्मित फैशन, होम डेकोर, ज्वेलरी, पॉटरी, फाइन आर्ट, मूर्तिकला सहित कई तरह के हस्तशिल्प उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई है। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचकर न सिर्फ खरीदारी कर रहे हैं, बल्कि कलाकारों की मेहनत, उनकी बारीक कारीगरी और रचनात्मक सोच को करीब से समझने का अवसर भी पा रहे हैं।

इस आयोजन में न्यूज़ 24 और लल्लूराम डॉट कॉम मीडिया पार्टनर के रूप में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं। मेकर्स मार्केट में देश के अलग-अलग हिस्सों से आए कलाकारों को अपनी कला प्रदर्शित करने के लिए एक साझा मंच उपलब्ध कराया गया है।

बस्तर पवेलियन बना खास आकर्षण

इस बार मेकर्स मार्केट का प्रमुख आकर्षण बस्तर पवेलियन है, जिसे छत्तीसगढ़ शासन के ग्रामीण उद्योग विभाग के सहयोग से तैयार किया गया है। यहां छत्तीसगढ़ की समृद्ध जनजातीय कला और पारंपरिक शिल्प को गैलरी शैली में प्रदर्शित किया गया है।

बस्तर की विश्वप्रसिद्ध ढोकरा धातु कला, रॉट आयरन शिल्प और जनजातीय हस्तशिल्प लोगों का विशेष ध्यान खींच रहे हैं। यहां आने वाले लोग इन कलाओं की बारीकियों को समझने के साथ कलाकारों के हुनर की सराहना भी कर रहे हैं।

लाइव डेमोंस्ट्रेशन और सांस्कृतिक कार्यक्रमों से बढ़ा उत्साह

मेकर्स मार्केट में सिर्फ उत्पादों की प्रदर्शनी ही नहीं, बल्कि कई रचनात्मक गतिविधियां भी आयोजित की जा रही हैं। यहां लाइव क्राफ्ट डेमोंस्ट्रेशन, क्रिएटिव वर्कशॉप, क्षेत्रीय व्यंजनों के स्टॉल और हर शाम लोक, शास्त्रीय एवं सूफी संगीत की प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।

संगीत और कला के इन कार्यक्रमों से पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है। परिवारों, कला प्रेमियों और युवाओं की बड़ी संख्या में मौजूदगी आयोजन की लोकप्रियता को दर्शा रही है।

स्थानीय और देशभर के कलाकारों को मंच देने का प्रयास

द लोकल मेकर्स मार्केट की ऑर्गेनाइजिंग पार्टनर नम्रता धारीवाल ने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य स्थानीय और देशभर के शिल्पकारों को एक ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी कला को लोगों तक पहुंचा सकें। उन्होंने कहा कि मेकर्स मार्केट के माध्यम से कलाकारों को नई पहचान मिलने के साथ रायपुर को देश के सांस्कृतिक मानचित्र पर एक अलग पहचान दिलाने का प्रयास किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि यह तीन दिवसीय आयोजन 2 अगस्त तक प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक आम लोगों के लिए खुला रहेगा। कला, संस्कृति और हस्तशिल्प में रुचि रखने वाले लोग यहां पहुंचकर देशभर के कलाकारों की अनूठी कृतियों का अनुभव ले सकते हैं।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m