Rajasthan News: राजस्थान के जोधपुर जिले में अवैध बजरी परिवहन को रोकने की कोशिश में गंभीर रूप से घायल हुए पुलिस कॉन्स्टेबल सुनील खिलेरी की मंगलवार को मौत हो गई। वह बीते तीन दिनों से जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे थे। घटना रविवार को लूणी क्षेत्र के खेजड़ली कला इलाके में उस वक्त हुई जब पुलिस टीम एक अवैध डंपर का पीछा कर रही थी।

डंपर चालक ने जानबूझकर रौंदा
जानकारी के मुताबिक, जब पुलिस टीम ने बजरी से भरे एक डंपर को रोकने की कोशिश की, तो सांगासनी गांव निवासी चालक राणाराम बाबल ने तेजी से डंपर मोड़ते हुए सुनील को कुचल दिया। हादसा गुलजी की प्याऊ के पास एक कच्ची सड़क पर हुआ, जहां डंपर का पिछला पहिया सुनील के पेट और पैरों के ऊपर से गुजर गया।
कई घंटे चले ऑपरेशन, पैर भी काटना पड़ा
घटना के बाद घायल कॉन्स्टेबल को तुरंत मथुरादास माथुर अस्पताल (MDM) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम ने लगातार दो ऑपरेशन किए। दूसरा ऑपरेशन सोमवार आधी रात 12 बजे शुरू हुआ और सुबह 3:15 बजे तक चला। हालत बिगड़ने पर डॉक्टरों को सुनील का एक पैर भी काटना पड़ा, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद वह जिंदगी की जंग हार गए।
डॉक्टरों ने झोंकी पूरी ताकत
ऑपरेशन के दौरान अस्पताल के अधीक्षक डॉ. विकास राजपुरोहित खुद ऑपरेशन थिएटर में मौजूद रहे। आठ डॉक्टरों की टीम ने सुनील को बचाने की पूरी कोशिश की, लेकिन गंभीर अंदरूनी चोटों के चलते उनकी जान नहीं बच सकी।
चार आरोपी गिरफ्तार, सरपंच पति भी शामिल
इस मामले में पुलिस अब तक चार लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है, जिनमें एक सरपंच का पति भी शामिल है। साथ ही डंपर और उसे एस्कॉर्ट कर रही कार को भी जब्त कर लिया गया है।
मुख्य आरोपी पर पहले से कई केस दर्ज
मुख्य आरोपी हापुराम के खिलाफ पहले भी मारपीट, हमला और आबकारी अधिनियम सहित आठ गंभीर आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसके अलावा पुलिस ने खेजड़ली कला निवासी रविंद्र, सारण नगर निवासी सागर और नादड़ा कला निवासी महेंद्र को भी गिरफ्तार किया है।
पढ़ें ये खबरें
- धीरेंद्र शास्त्री के भाई की जमानत मंजूर: 2 महीने से जेल में है बंद, जानें क्या है मामला
- शी जिनपिंग की तबीयत पर बड़ा दावाः भारत से लौटते ही इमरजेंसी इलाज के लिए हॉस्पिटल पहुंचे, BRICS समिट के दौरान भी बिगड़ा था स्वास्थ्य
- आज मोदी कैबिनेट की बैठक में EPF वेतन वृद्धि पर होगा फैसला, 2014 से अब तक नहीं बदली
- यूपी के परिषदीय स्कूल बनेंगे स्मार्ट, 300 करोड़ रुपये से लगेगी स्मार्ट क्लास; CJP नेताओं ने उठाए सवाल
- Jharkhand SIR: वोटर लिस्ट में नाम जोड़ने-सुधारने की डेडलाइन बढ़ी, 30 सितंबर तक मिलेगा मौका, जानें किस फॉर्म से क्या होगा काम


