राजस्थान डेस्क। राजस्थान में मानसून एक बार फिर सक्रिय है और बुधवार को भी इसका असर देखने को मिलेगा। कोटा, झालावाड़ और चित्तौड़गढ़ में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि बूंदी, बारां, सवाई माधोपुर, उदयपुर, राजसमंद और टोंक समेत कई जिलों में भारी बारिश और वज्रपात की संभावना है। हालांकि, 13 अगस्त से बारिश का जोर धीरे-धीरे कम होने लगेगा।
कम दबाव के क्षेत्र से बढ़ी बारिश की गतिविधि
उत्तर-पश्चिमी मध्य प्रदेश और आसपास बना कम दबाव का क्षेत्र अब पूर्वी राजस्थान और उससे सटे इलाकों में सक्रिय है। इसके साथ चक्रवाती परिसंचरण भी बना हुआ है। इस सिस्टम के प्रभाव से आज कोटा, उदयपुर, जयपुर और भरतपुर संभाग में बारिश होने की संभावना है।दक्षिण-पूर्वी राजस्थान में कुछ जगहों पर भारी और एक-दो स्थानों पर अति भारी बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग ने कोटा में अति भारी बारिश, जबकि झालावाड़ में भारी से अति भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। चित्तौड़गढ़ में भी अति भारी बारिश की चेतावनी है।इसके अलावा बूंदी, बारां, सवाई माधोपुर, उदयपुर, राजसमंद और टोंक में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।
बूंदी में 5 इंच से ज्यादा बारिश, कई रास्ते प्रभावित
लगातार बारिश से पूर्वी राजस्थान के कई हिस्सों में हालात बिगड़े हैं। बूंदी में सिर्फ दो घंटे में 5.16 इंच बारिश रिकॉर्ड हुई। इससे नवलसागर झील लबालब हो गई और शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया।
परवन नदी में तेज बहाव के कारण बारां-झालावाड़ मार्ग करीब 15 घंटे तक बाधित रहा। चंबल नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद झरेर पुल पर पानी ओवरफ्लो हो गया और सवाई माधोपुर-खातौली मार्ग भी बंद करना पड़ा।
1100 करोड़ की टनल में घुसा बारिश का पानी
भारी बारिश ने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे की करीब 1100 करोड़ रुपये की चेचट टनल की व्यवस्थाओं पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। मुकंदरा टाइगर रिजर्व से गुजरने वाली इस 8-लेन टनल में करीब 3 फीट तक पानी भर गया। दीवारों से पानी रिसने और कई जगह लीकेज की समस्या भी सामने आई।
13 अगस्त से बारिश का जोर होगा कम
मौसम विभाग के मुताबिक 13 अगस्त से भारी बारिश की गतिविधियों में कमी आने की संभावना है। 14 अगस्त से जोधपुर, उदयपुर और अजमेर संभाग में बारिश कम होगी, जबकि 15 अगस्त से प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में मानसून की सक्रियता और कमजोर पड़ सकती है।
राजस्थान में अब तक सामान्य से 10.96 फीसदी कम बारिश
इस मानसून सीजन में राजस्थान में अब तक 242.63 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य बारिश 272.49 मिमी होनी चाहिए थी। यानी प्रदेश में अब तक 10.96 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। सात संभागों में बीकानेर में बारिश सामान्य से बेहतर रही, जबकि कोटा और उदयपुर संभाग में बारिश की कमी बनी हुई है।


