रायपुर। सांस्कृतिक पत्रकारिता और लोककलाओं के संरक्षण में तीन दशक से अधिक समय से उल्लेखनीय योगदान देने वाले वरिष्ठ पत्रकार एवं संस्कृतिकर्मी राजेश गनोदवाले को इस वर्ष 26वें वसुंधरा सम्मान से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान 14 अगस्त को भिलाई स्थित महात्मा गांधी कला मंदिर सभागार में आयोजित राष्ट्रीय वैचारिक संगोष्ठी के दौरान प्रदान किया जाएगा।

यह आयोजन वसुंधरा और चतुर्भुज मेमोरियल फाउंडेशन के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। समारोह में स्वर्गीय देवीप्रसाद चौबे की स्मृति में स्थापित वसुंधरा सम्मान राजेश गनोदवाले को सांस्कृतिक एवं देशज पत्रकारिता में उनके दीर्घकालीन रचनात्मक योगदान के लिए प्रदान किया जाएगा।

इस संबंध में आयोजन समिति की सचिव श्वेता उपाध्याय ने बताया कि सम्मान के लिए चयन का निर्णय वरिष्ठ पत्रकार डॉ. विश्वेश ठाकरे की अध्यक्षता वाली निर्णायक समिति ने लिया है। समिति में प्रसार भारती के पूर्व निदेशक लीलाधर मंडलोई (दिल्ली), सतीश जायसवाल (बिलासपुर), डॉ. वीरेन्द्र मोहन (खैरागढ़), ई. वी. मुरली (रायपुर), वसुंधरा सम्मान के संयोजक विनोद मिश्र तथा आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. अरुण कुमार श्रीवास्तव शामिल थे।
निर्णायक समिति ने अपने वक्तव्य में कहा कि राजेश गनोदवाले सांस्कृतिक पत्रकारिता के क्षेत्र में देशभर में अपनी विशिष्ट पहचान रखते हैं। उन्होंने कला, संगीत, रंगमंच और सांस्कृतिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर गंभीर, संवेदनशील और तथ्यपरक पत्रकारिता की है। उनकी पत्रकारिता यात्रा तीन दशकों से अधिक समय की रही है और इस दौरान उन्होंने छत्तीसगढ़ की लोककलाओं को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
गनोदवाले ने अपने पत्रकारिता जीवन की शुरुआत छत्तीसगढ़ के एक प्रतिष्ठित दैनिक से की थी। उन्होंने भारत रत्न पंडित रविशंकर, ज्ञानपीठ पुरस्कार से सम्मानित विनोद कुमार शुक्ल तथा प्रख्यात रंगकर्मी हबीब तनवीर पर जीवनीपरक और तथ्याधारित लेखन किया है। उनकी लोक संस्कृति और कला पर आधारित आठ मोनोग्राफ प्रकाशित हो चुके हैं।
पत्रकारिता और सांस्कृतिक लेखन के क्षेत्र में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें वर्ष 2010 में छत्तीसगढ़ शासन द्वारा चंदूलाल चंद्राकर स्मृति पत्रकारिता पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा उन्हें ऋतुराज सम्मान (2000), राष्ट्रीय कला समीक्षा सम्मान (2011) तथा नाट्य लेखन के लिए साहित्य कला परिषद, नई दिल्ली का प्रतिष्ठित मोहन राकेश राष्ट्रीय सम्मान भी प्राप्त हो चुका है।
गौरतलब है कि वसुंधरा सम्मान से पूर्व में स्व. रमेश नैयर, स्व. श्याम लाल चतुर्वेदी, स्व. कुमार साहू, स्व. बसंत कुमार तिवारी, स्व. विनोद शंकर शुक्ल, स्व. शरद कोठरी, स्व. बबन प्रसाद मिश्र, डॉ. हिमांशु द्विवेदी, दिवाकर मुक्तिबोध, आशा शुक्ला, गिरिजाशंकर, ज्ञान अवस्थी, श्याम वेताल, अभय किशोर, डॉ. सुशील त्रिवेदी, गिरीश पंकज, स्व. बी.के.एस. रे, प्रकाश दुबे, स्व. तुषार कांति बोस, ई. वी. मुरली, सतीश जायसवाल, लीलाधर मंडलोई, सुधीर सक्सेना, डॉ. विश्वेश ठाकरे तथा राहुल देव जैसी प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित किया जा चुका है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


