अविनाश श्रीवास्तव, रोहातास। जिले में फर्जी और सामान्य डिग्री पर नौकरी करने वाले शिक्षकों पर गाज गिरना शुरू हो गया है। सासाराम में जिला शिक्षा पदाधिकारी ने तमाम जांच के बाद काराकाट प्रखंड के विभिन्न विद्यालयों में पदस्थापित 13 शिक्षकों के डिग्री को अमान्य घोषित करते हुए सभी को तत्काल प्रभाव से हटाने के निर्देश दिए हैं।

13 शिक्षकों की डिग्री अमान्य घोषित

इससे पहले 142 शिक्षकों पर यह गाज गिरी थी और अब फिर 13 शिक्षकों के डिग्री को अमान्य घोषित कर दिया गया है। बता दें कि ज्यादातर जो डिग्रियां है, वह दूसरे प्रांतों से लिया गया बताया गया है। वर्ष 2021 में ही बिक्रमगंज के रहने वाले एक व्यक्ति द्वारा परिवाद दायर किया गया था, जिसके आलोक में जब जांच आगे बढ़ी तो जिला शिक्षा पदाधिकारी ने यह कार्रवाई की है।

पिछले एक महीने में 155 शिक्षकों की गई नौकरी

वहीं, अब अमान्य डिग्री पर नौकरी करने वालों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। पिछले एक महीने के दौरान रोहतास जिले में 155 अमान्य डिग्री पर नौकरी करने वालों शिक्षकों को नौकरी से हटाया गया है। जिला शिक्षा पदाधिकारी मदन राय ने बताया कि नियोजन इकाई एवं सरकार के गाइडलाइन के अनुसार तमाम जांच किया गया है, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।

बर्खास्त शिक्षकों को वेतन लौटाने का आदेश

सबसे बड़ी बात यह है कि इन शिक्षकों को वेतन मद में जितने राशि का भुगतान किया गया है, वह तमाम वेतन की राशि को वापस करने के भी निर्देश दिए गए हैं। शिक्षा विभाग के इस कार्रवाई से हड़कंप की स्थिति हो गई है।

ये भी पढ़ें- Bihar Crime: साफ-सफाई को लेकर हुए विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई को उतारा मौत के घाट