रायपुर। रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए रोटरी क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन, इनर व्हील क्लब ऑफ रायपुर कॉस्मोपॉलिटन और कॉस्मो दिवास का स्थापना समारोह वीआईपी रोड स्थित एलओडी बैंक्वेट, ओमाया स्क्वायर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में रोटरी परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों, विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में रोटेरियन्स की उपस्थिति रही।

डिस्ट्रिक्ट गवर्नर सहित कई विशिष्ट अतिथि रहे मौजूद

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. आलम सिंह रूपड़ा रहे। वहीं असिस्टेंट गवर्नर रोटे. नवीन अग्रवाल (रायपुर कॉस्मोपॉलिटन) एवं असिस्टेंट गवर्नर रोटे. रविंद्र सीराय (कॉस्मो दिवास) सहित महाकोशल डिस्ट्रिक्ट के विभिन्न रोटरी क्लबों से आए पदाधिकारी एवं विशिष्ट अतिथि समारोह में शामिल हुए।

समारोह की शुरुआत रोटरी की परंपरा के अनुरूप औपचारिक कार्यक्रमों के साथ हुई। इस दौरान निवर्तमान अध्यक्ष रोटे. मनोज अग्रवाल ने अपने कार्यकाल का समापन संबोधन देते हुए क्लब के सभी सदस्यों, पदाधिकारियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास और टीम भावना के कारण वर्षभर अनेक सामाजिक एवं सेवा गतिविधियों को सफलतापूर्वक संचालित किया जा सका।

निवर्तमान सदस्यों ने प्रस्तुत किया कार्यकाल का लेखा-जोखा

इसके बाद निवर्तमान सचिव रोटे. अमित गोयल ने वर्ष 2025–26 के दौरान क्लब द्वारा संचालित विभिन्न सेवा प्रकल्पों, सामाजिक अभियानों, स्वास्थ्य एवं जनकल्याण कार्यक्रमों तथा अन्य गतिविधियों का विस्तृत प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बीते वर्ष की उपलब्धियों और क्लब की सक्रिय भूमिका से उपस्थित सदस्यों को अवगत कराया।

समारोह में रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए नई कार्यकारिणी ने विधिवत कार्यभार ग्रहण किया। नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटे. सौरभ सोनी ने अपने संबोधन में आगामी वर्ष के लिए क्लब का विज़न प्रस्तुत करते हुए सेवा कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने, सदस्यता विस्तार तथा समाज के विभिन्न वर्गों तक रोटरी की गतिविधियों को पहुंचाने का संकल्प व्यक्त किया।

नई कार्यकारिणी ने संभाला दायित्व, साझा किया विज़न

नवनिर्वाचित सचिव रोटे. राहुल फरमानिया एवं कोषाध्यक्ष रोटे. सौरभ अग्रवाल ने आगामी वर्ष के लिए प्रस्तावित सेवा प्रकल्पों, सामाजिक गतिविधियों, वित्तीय योजना एवं क्लब की कार्ययोजना का विस्तृत प्रारूप सदस्यों के समक्ष रखा। उन्होंने शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामुदायिक विकास से जुड़े कार्यक्रमों को प्राथमिकता देने की बात कही।

सेवा कार्यों को नई ऊंचाइयों तक ले जाने का आह्वान

समारोह के समापन अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे. आलम सिंह रूपड़ा सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में रोटरी द्वारा किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना की। उन्होंने निवर्तमान कार्यकारिणी को सफल कार्यकाल के लिए बधाई देते हुए नवगठित टीम को शुभकामनाएं दीं और समाज सेवा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छूने का आह्वान किया।

‘सेवा ही सर्वोपरि’ के संकल्प के साथ हुआ कार्यक्रम का समापन

अंत में धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। इसके पश्चात सभी सदस्यों एवं अतिथियों ने सौहार्दपूर्ण वातावरण में आपसी संवाद किया और रोटरी के मूल मंत्र “सेवा ही सर्वोपरि” को नई ऊर्जा, समर्पण और प्रतिबद्धता के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H