दक्षिण दिल्ली के साकेत इलाके के सैदुलाजाब में चार मंजिला इमारत ढहने के मामले में दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने कड़ा कदम उठाते हुए भवन विभाग के जूनियर इंजीनियर (जेई) अमन जैन और असिस्टेंट इंजीनियर (एई) सुदेश सिंह चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 लोग घायल हुए हैं। घायलों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज जारी है। मृतकों की पहचान कपिल, रवि, आलोक और पार्वती के रूप में हुई है। आशंका है कि कुछ लोग अब भी मलबे में फंसे हो सकते हैं, जिनकी तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान जारी है।

निर्माण कार्य के दौरान हुआ हादसा

स्थानीय लोगों के अनुसार, इमारत पर दो अतिरिक्त मंजिलों के निर्माण का काम चल रहा था। आरोप है कि भवन पर क्षमता से अधिक भार डाले जाने और निर्माण संबंधी लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ। घटना शनिवार शाम करीब 7:44 बजे हुई, जब इमारत का बड़ा हिस्सा अचानक भरभराकर गिर गया।

कैंटीन और कोचिंग सेंटर भी चपेट में

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इमारत का एक हिस्सा पास की कैंटीन पर गिरा, जबकि दूसरा हिस्सा आसपास संचालित कोचिंग सेंटरों पर आ गिरा। बताया जा रहा है कि मृतकों में कुछ लोग कैंटीन में खाना खा रहे थे। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और पुलिस, दमकल विभाग तथा एनडीआरएफ समेत बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए।

प्रारंभिक जांच में सामने आईं गंभीर खामियां

एमसीडी के दक्षिण क्षेत्र उपायुक्त कार्यालय द्वारा जारी आदेशों में कहा गया है कि सैदुलाजाब के पश्चिमी मार्ग, गली नंबर-5 स्थित खसरा संख्या-262 की इमारत ढहने के मामले की प्रारंभिक जांच में गंभीर अनियमितताएं और निगरानी में कमी सामने आई हैं।

जांच के आधार पर जेई अमन जैन पर अपने दायित्वों के निर्वहन में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया गया है, जबकि एई सुदेश सिंह चौहान को क्षेत्र में प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने में विफल माना गया है।

एमसीडी का सख्त संदेश

एमसीडी प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि हादसे को अत्यंत गंभीरता से लिया गया है। प्रारंभिक जांच में ड्यूटी के प्रति लापरवाही और कमजोर पर्यवेक्षण की पुष्टि होने के बाद दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निगम ने कहा कि विभागीय जिम्मेदारियों में किसी भी स्तर की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m