पानीपत। जिले के मतलौडा थाना क्षेत्र के वैसर गांव से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां 18 वर्षीय युवक ने अपनी मां के प्रेमी की कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी युवक ने खुद पुलिस को फोन कर घटना की जानकारी दी और आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान सतीश उर्फ लौंडा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मंगलवार देर रात करीब 11 बजे सतीश अपनी महिला मित्र से मिलने उसके घर पहुंचा था। इसी दौरान महिला के 18 वर्षीय बेटे विकास नरवाल ने उसे घर के अंदर देख लिया। बताया जा रहा है कि युवक यह देखकर गुस्से में आ गया।
प्राथमिक जानकारी के मुताबिक, गुस्से में युवक ने पास पड़े परने (अंगोछे) से सतीश का गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार से जुड़ी जानकारी के अनुसार, आरोपी युवक के पिता लंबे समय से लकवे (पैरालिसिस) की बीमारी से पीड़ित बताए जा रहे हैं और घर पर ही रहते हैं।
घटना के बाद आरोपी ने खुद डायल-112 और स्थानीय पुलिस को फोन कर हत्या की जानकारी दी। सूचना मिलते ही मतलौडा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल भिजवा दिया। पुलिस का कहना है कि शिकायत और प्रारंभिक बयान के आधार पर मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई की जा रही है।

