अंकित तिवारी, रायसेन। वाराणसी से बड़नगर तक निकाली जा रही सेवा संकल्प यात्रा आज शुक्रवार को मध्य प्रदेश के रायसेन पहुंची। बरेली में यात्रा का भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान होटल जीके पैलेस में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल माध्यम से कार्यकर्ताओं से संवाद किया। यह यात्रा पीएम मोदी के कर्म क्षेत्र से जन्म स्थल तक निकाली जा रही है। जिसमें शामिल युवाओं को एमपी के लोक स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने भेंट स्वरूप चांदी के संख और एक-एक बैग दिया।
वाराणसी से गुजरात की ओर बढ़ रही इस यात्रा का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन और जनसेवा के संकल्प को लोगों तक पहुंचाना है। सेवा संकल्प यात्रा में शामिल युवा कार्यकर्ता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की महत्वाकांक्षी योजनाओं और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी लेकर गांव-गांव और घर-घर पहुंच रहे हैं। यात्रा के माध्यम से सरकार की योजनाओं और उनके लाभ को आम लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

बरेली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि और स्थानीय लोग मौजूद रहे। प्रधानमंत्री के वर्चुअल संवाद को सभी ने सुना और सेवा संकल्प अभियान को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। राज्य मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन 17 सितंबर से यह यात्रा शुरू हुई है।
राज्य मंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्म स्थली से कर्म स्थली और कर्म स्थली से लेकर जन्म स्थली तक 10-10 यात्राएं प्रारंभ हुई। इस तरह से कुल 20 यात्राएं है, जिनमें से 14 यात्रा मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है। उनमें से एक यात्रा आज रायसेन पहुंची है। पीएम मोदी ने पिछले 25 साल शासन के मुखिया के रूप में पराश्रम की पराकाष्ठा कर जनता की सेवा की है। निश्चित रूप से ऐसे यशस्वी प्रधानमंत्री के जन्म उत्सव और 25 साल निरंतर जनता की सेवा के अभियान को और आगे गति मिले, इसके लिए युवा मोर्चा के कार्यकर्ता यात्रा लेकर निकले है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


