राजधानी दिल्ली में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए ‘विशेष गहन पुनरीक्षण’ (SIR) अभियान जल्द शुरू होने जा रहा है। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इस अभियान की औपचारिक शुरुआत 20 जून से प्रशिक्षण और तैयारियों के साथ होगी। अधिकारियों के मुताबिक, अभियान के तहत 30 जून से बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर सर्वेक्षण शुरू करेंगे। इस दौरान मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन किया जाएगा और नए मतदाताओं का पंजीकरण भी किया जाएगा।
निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार, 5 अगस्त को मतदाता सूची का मसौदा प्रकाशित किया जाएगा। इसके बाद मतदाता 5 अगस्त से 4 सितंबर तक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। अधिकारियों ने बताया कि प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 3 अक्टूबर तक किया जाएगा। सभी सुधारों और अपडेट के बाद 7 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
दिल्ली में SIR की तैयारियां पूरी
अधिकारियों के अनुसार, इस प्रक्रिया के तहत 1.5 करोड़ से अधिक मतदाताओं की जानकारी की समीक्षा की जाएगी। दिल्ली मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के एक अधिकारी ने बताया कि एसआईआर अभियान के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जारी कार्यक्रम के अनुसार, सबसे पहले संबंधित कर्मचारियों और बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके बाद बीएलओ घर-घर जाकर मतदाता सूची में दर्ज जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान वोटर लिस्ट में नाम, पता और अन्य विवरणों की तथ्यात्मक जांच की जाएगी, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
13 हजार से अधिक BLO लेंगे भाग
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चलाए जा रहे इस अभियान में 13 हजार से अधिक बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन करेंगे। इस दौरान वोटर लिस्ट में दर्ज नाम, पता और अन्य विवरणों की जांच की जाएगी। अधिकारियों ने बताया कि प्रशिक्षण कार्यक्रम में कर्मचारियों को सर्वेक्षण प्रक्रिया, दस्तावेज सत्यापन और डेटा अपडेट से जुड़ी जानकारी दी जाएगी, ताकि पुनरीक्षण कार्य सुचारु रूप से पूरा किया जा सके।
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह अभियान चरणबद्ध तरीके से चलाया जाएगा। जारी कार्यक्रम के अनुसार-
20 जून से 26 जून तक : बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) और संबंधित कर्मचारियों का प्रशिक्षण
30 जून से 29 जुलाई तक : बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सर्वेक्षण और सत्यापन करेंगे
29 जुलाई तक : मतदान केंद्रों का युक्तिकरण (Rationalization) पूरा किया जाएगा
5 अगस्त : मतदाता सूची के मसौदे का प्रकाशन
5 अगस्त से 4 सितंबर तक : मतदाता दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे
5 अगस्त से 3 अक्टूबर तक : दावों और आपत्तियों का निस्तारण एवं सूचना चरण
7 अक्टूबर : अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन
दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बीच वोटर लिस्ट में नामों के कथित दोहराव का मुद्दा भी चर्चा में है। इस संबंध में पिछले वर्ष दिल्ली हाईकोर्ट ने एक याचिका पर सुनवाई करते हुए निर्वाचन आयोग को इस मामले पर विचार करने का निर्देश दिया था। अदालत ने चुनाव आयोग से कहा था कि राष्ट्रीय राजधानी की वोटर लिस्ट में नामों के कथित दोहराव को खत्म करने के लिए तकनीक का प्रभावी इस्तेमाल किया जाए। याचिका में दावा किया गया था कि मतदाता सूची में कई नाम दोहराए गए हैं, जिससे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता प्रभावित हो सकती है। याचिकाकर्ता ने अदालत में कहा था कि जब तक आयोग वोटर लिस्ट में संशोधन की प्रक्रिया पूरी करेगा, तब तक दिल्ली विधानसभा चुनाव हो चुके होंगे। इस पर हाईकोर्ट ने टिप्पणी करते हुए कहा था कि मतदाता सूची में संशोधन और सुधार की एक निर्धारित प्रक्रिया होती है, जिसका पालन करना आवश्यक है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

