हमीरपुर. लालपुर थाना क्षेत्र में आंधी-तूफान के दौरान बेतवा नदी पर निर्माणाधीन ब्रिज का स्लैब शुक्रवार को गिर गया. हादसे में 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई है. ये मौत मलबे में दबने से हुई है. अभी कई मजदूरों के फंसे होने की आशंका है. रेस्क्यू में अब तक 3 मजदूरों को निकाला गया है. कानपुर की द सेल्टर कंपनी इस पुल का निर्माण करा रही थी. फिलहाल मौके पर पर पुलिस, SDRF समेत कई थानों की फोर्स मौजूद है. बताया जा रहा है कि मृतकों में 4 बांदा और 2 हमीरपुर के रहने वाले थे.

हादसे को लेकर सीएम योगी ने दुख जताया है. उन्होंने एक्स पर लिखा कि ‘जनपद हमीरपुर में बेतवा नदी पर एक दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में हुई जनहानि अत्यंत दुःखद एवं हृदय विदारक है. मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिजनों के साथ हैं. जिला प्रशासन को SDRF के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य तेजी से संचालित करने के लिए निर्देश दिए हैं. प्रभु श्री राम से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान और घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करें.’

इसे भी पढ़ें : UP में अतिवृष्टि, आंधी और आकाशीय बिजली से जानमाल की हानि, सीएम योगी ने लिया संज्ञान

जानकारी के मुताबिक पुल का निर्माण उत्तर प्रदेश राज्य सेतु निगम द्वारा किया जा रहा है. निर्माण की लागत 90 करोड़ रुपये है. 700 मीटर लंबा दो लेन के ब्रिज का निर्माण मोराकांड से कुरारा गांव के बीच किया जा रहा है. पुल का निर्माणकार्य मार्च, 2024 में शुरू हुआ था और दिसंबर, 2026 तक इसे पूरा किया जाना है.