Bihar Crime: बिहार के कैमूर जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां बकरी बांधने को लेकर हुए विवाद में एक बेटे ने अपने ही पिता की बेरहमी से पिटाई कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिनकी इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। पूरा मामला चैनपुर थाना क्षेत्र के इस्माइलपुर गांव के बरकट्टा टोला की है।
घटना के बाद फरार हुआ आरोपी
मृतक की पहचान चुल्हन बिंद के रूप में हुई है। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी बेटा सोनू बिंद मौके से फरार हो गया। मिली जानकारी के अनुसार पूरा विवाद घर के रास्ते में बकरी बांधने को लेकर हुआ था। मृतक चुल्हन बिंद ने सोनू से बकरी को रास्ते में बकरी बांधने की बजाय कहीं और बांधने को कहा था, जिसे लेकर दोनों के बीच तू-तू मै-मै शुरू हो गई। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया की सोनू ने अपने पिता की लाठी डंडों से जमकर पिटाई कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
वाराणसी ले जाते समय रास्ते में मौत
घटना के बाद परिवार के अन्य सदस्य उन्हें इलाज के लिए चैनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। इस बीच परिजन उन्हें इलाज के लिए वाराणसी ले जा रहे थे, लेकिन बीच रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। चुल्हन बिंद की मौत होते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
जांच-पड़ताल में जुटी पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चैनपुर थानाध्यक्ष विजय प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। परिजनों द्वारा आवेदन मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें- भोजपुर में झारखंड की युवती की गला रेतकर हत्या, खेत में मिली लाश

