उमेश यादव, सागर। मध्य प्रदेश के सागर में हिट एंड रन का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जिला अस्पताल के सामने एक युवक ने कथित तौर पर शराब के नशे में मारुति कार से जमकर उत्पात मचाया। तेज रफ्तार कार से उसने कई वाहनों को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

READ MORE: बड़ा हादसा: टैंकर में वेल्डिंग के दौरान भीषण ब्लास्ट, एक की मौत, दो गंभीर रूप से घायल

इस हादसे में दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों के पैरों में चोट आई है, जबकि एक युवती भी घायल हुई है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर ऑटो चालक से विवाद करने लगा। जब आसपास मौजूद लोग बीच-बचाव करने पहुंचे, तो उसने कार को पीछे मोड़कर लोगों को ही टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।

READ MORE: चलती बस में युवतियों से अश्लील हरकतः वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद, आरोपी युवक हिरासत में

घायलों का आरोप है कि युवक धमकी देते हुए कह रहा था, एसपी मेरा दोस्त है, जिसे वीडियो बनाना है बना ले, मेरा कोई कुछ नहीं कर सकता। घटना की सूचना गोपालगंज थाना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान कर रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपी की पहचान होते ही उसके खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m