रांची। झारखंड के सारंडा क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय रहे तीन इनामी माओवादियों ने गुरुवार को पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा में आत्मसमर्पण कर दिया। आत्मसमर्पण करने वालों में 15 लाख और 10 लाख के इनामी माओवादी दंपती के साथ एक महिला माओवादी भी शामिल है।

26 लाख के इनामी तीन माओवादियों ने छोड़ा संगठन

आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान रामप्रसाद मार्डी, उसकी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा और बुलु उर्फ गौरी के रूप में हुई है।

रामप्रसाद मार्डी – 15 लाख रुपये का इनामी, रीजनल कमेटी सदस्य
मीता उर्फ नयनतारा – 10 लाख रुपये की इनामी, जोनल कमेटी सदस्य
बुलु उर्फ गौरी – 1 लाख रुपये की इनामी, माओवादी सदस्य

तीनों पर कुल 26 लाख रुपये का इनाम घोषित था।

झारखंड में अभियान तेज हुआ तो बंगाल पहुंचे

बताया जा रहा है कि तीनों माओवादी लंबे समय से झारखंड में सक्रिय थे और सुरक्षा बलों के लिए चुनौती बने हुए थे। माओवादी विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों की दबिश बढ़ने के बाद तीनों झारखंड से सटे पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा पहुंच गए। गुरुवार को उन्होंने वहीं आत्मसमर्पण कर दिया।

तीनों के सरेंडर को झारखंड में चल रहे माओवादी विरोधी अभियान के बीच सुरक्षा बलों के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।