पानीपत। हरियाणा के पूर्व डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के जीजा और जेजेपी महासचिव देवेंद्र कादियान की हैचरी में दो श्रमिकों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान सौरव और अजय के रूप में हुई है। यह हादसा उस समय हुआ जब दोनों युवक हैचरी के पास स्थित सीवर लाइन में ब्लॉकेज चेक करने के लिए उतरे थे। जहरीली गैस की चपेट में आने से दोनों गड्ढे के भीतर ही बेहोश हो गए।

काफी देर तक बाहर न आने पर तीसरे साथी ने शोर मचाया और पुलिस को सूचित किया। दमकल विभाग की टीम ने ऑक्सीजन सिलेंडर की मदद से सीवर में उतरकर दोनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। देवेंद्र कादियान और मृतकों के परिजनों ने इस घटना के लिए प्रशासन की लापरवाही और एम्बुलेंस की देरी को जिम्मेदार ठहराया है।

जानकारी के मुताबिक, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की सीवर लाइन में लंबे समय से ब्लॉकेज था, जिससे हैचरी का जल निकासी सिस्टम प्रभावित हो रहा था। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद इलाके में मातम पसरा हुआ है।