दुमका। झारखंड के श्रावणी मेला के दौरान दुमका जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। देवघर और बासुकीनाथ में जलाभिषेक करने के बाद लौट रहे उत्तर प्रदेश के एक कांवरिया की पिकअप वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद साथी श्रद्धालुओं में शोक का माहौल है।

दुमका। झारखंड के देवघर और बासुकीनाथ में चल रहे श्रावणी मेले के बीच एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। दुमका जिले के जरमुंडी थाना क्षेत्र के सहारा गांव के पास सोमवार देर रात पिकअप वाहन की चपेट में आने से एक कांवरिया की मौत हो गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी 52 वर्षीय मुन्ना सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, मुन्ना सिंह अपने जिले के करीब एक दर्जन कांवरियों के साथ पिकअप वाहन से बाबा बैद्यनाथ और बाबा बासुकीनाथ के दर्शन व जलाभिषेक के लिए झारखंड पहुंचे थे। सोमवार को दोनों धामों में पूजा-अर्चना करने के बाद सभी श्रद्धालु वापस लौट रहे थे।

कांवरियों में शोक की लहर

रात करीब 12 बजे सहारा गांव के पास उन्होंने अपनी पिकअप सड़क किनारे खड़ी की और भोजन बनाने की तैयारी शुरू की। इसी दौरान मुन्ना सिंह पिकअप वाहन की चपेट में आ गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही जरमुंडी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हादसे के बाद साथ आए कांवरियों में शोक की लहर है।