दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कालकाजी एक्सटेंशन इलाके में एक दर्दनाक हादसा सामने आया है। यहां 14 मंजिला आशा किरण अपार्टमेंट की 10वीं मंजिल से गिरने के बाद 5 साल की बच्ची की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक, घटना शनिवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है। बच्ची अपने परिवार के साथ दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) द्वारा विकसित आशा किरण अपार्टमेंट में रहती थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। अधिकारियों ने बताया कि घटना के सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। हादसा किस परिस्थिति में हुआ, इसका पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसा उस समय हुआ जब बच्ची की नींद खुल गई थी। पुलिस के मुताबिक, बच्ची शाम को सो गई थी। बाद में जब वह उठी तो उसके माता-पिता घरेलू कामकाज में व्यस्त थे। प्रारंभिक जांच के अनुसार, मां को अपने पास न पाकर बच्ची कथित तौर पर बालकनी की ओर चली गई और नीचे देखने के लिए रेलिंग के पास झुकी, इसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह 10वीं मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के बाद बच्ची को तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और घटना की पूरी जानकारी जुटाने के लिए सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है। मृतक बच्ची अपने परिवार के साथ डीडीए द्वारा विकसित 14 मंजिला आशा किरण अपार्टमेंट में रहती थी। उसके पिता मिथुन दास इलाके में मछली की दुकान चलाते हैं।

पुलिस CCTV फुटेज खंगाल रही

पुलिस के अनुसार, क्राइम टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि आवासीय परिसर और उसके आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। इसके अलावा पुलिस बच्ची के परिवार के सदस्यों, पड़ोसियों और अन्य निवासियों के बयान भी दर्ज कर रही है। प्रारंभिक जांच के मुताबिक, बच्ची के 10वीं मंजिल से गिरने की घटना शनिवार रात हुई थी। हादसे के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

परिवार ने बताया सुरक्षा उपाय में कमियों को जिम्मेदार

परिजनों का कहना है कि अगर बालकनी में सुरक्षा ग्रिल या जाली लगी होती तो शायद बच्ची की जान बच सकती थी। परिवार के एक सदस्य ने कहा कि ऊंची इमारतों में रहने वाले बच्चों की सुरक्षा के लिए पर्याप्त इंतजाम होना बेहद जरूरी है। उन्होंने मांग की कि ऐसी इमारतों में सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन किया जाना चाहिए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। वहीं, एक अन्य रिश्तेदार ने बताया कि घटना के बाद पूरा परिवार गहरे सदमे में है। उन्होंने कहा कि बच्ची की नींद अभी-अभी खुली थी और वह अपनी मां को ढूंढ रही थी। कुछ ही देर में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m