अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) के 81वें सत्र को संबोधित करते हुए ईरान, वैश्विक सुरक्षा, अमेरिकी ताकत और दुनिया में शांति को लेकर अपनी सरकार की नीतियों का जोरदार बचाव किया। ट्रंप ने ईरान को आतंकवाद को बढ़ावा देने वाला प्रमुख देश बताते हुए कहा कि अमेरिका उसे परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देगा।’
ईरान पर ट्रंप का बड़ा बयान
ट्रंप ने कहा कि ईरान की कट्टरपंथी सरकार पिछले 51 वर्षों से हिंसा और हत्याओं के जरिए शासन कर रही है। उनके मुताबिक, ईरान ने मध्य पूर्व और उसके बाहर मौत, तबाही और अस्थिरता को बढ़ावा दिया है।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि ईरान पहले मध्य पूर्व में अपना दबदबा कायम करता था, लेकिन अब परिस्थितियां बदल चुकी हैं। उन्होंने दोहराया कि राजनीति में आने के पहले दिन से उनका रुख स्पष्ट रहा है कि ईरान को कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने दिया जाएगा।
अमेरिका की ताकत का किया जिक्र
UNGA में ट्रंप ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था, सेना, तकनीक और ऊर्जा क्षमता को लेकर भी कई दावे किए। उन्होंने कहा कि अमेरिकी अर्थव्यवस्था को देखकर दुनिया ईर्ष्या करती है और अमेरिकी सेना दुनिया की सबसे ताकतवर सेना है। उन्होंने अमेरिकी तकनीक को भी लगभग हर क्षेत्र में अग्रणी बताया।
‘हमने शांति कायम की’, ट्रंप का दावा
ट्रंप ने कहा कि जहां अन्य नेता शांति की सिर्फ बातें करते रहे, वहीं उन्होंने वास्तविक कदम उठाए। उन्होंने भारत-पाकिस्तान और अर्मेनिया-अजरबैजान समेत आठ संघर्षों को रुकवाने का दावा किया। भारत-पाकिस्तान संघर्ष का जिक्र करते हुए ट्रंप ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री की प्रशंसा की और दावा किया कि उनके प्रयासों से करोड़ों लोगों की जान बची।
ईरान के साथ समझौते के संकेत
ट्रंप ने कहा कि उनके सामने ईरान को लेकर एक बड़ा फैसला है—समझौते के जरिए उसे फिर से खड़ा होने का अवसर दिया जाए या इस्लामिक रिपब्लिक को पूरी तरह खत्म किया जाए। उन्होंने उम्मीद जताई कि अमेरिकी मध्यावधि चुनाव के बाद अमेरिका और ईरान के बीच कोई समझौता हो सकता है। उन्होंने एक बार फिर स्पष्ट किया कि ईरान के पास परमाणु हथियार नहीं होना चाहिए। ट्रंप ने वेनेजुएला में अमेरिकी कदमों का उल्लेख करते हुए कहा कि अमेरिका पश्चिमी गोलार्ध में अपने लिए खतरा पैदा करने वाली ताकतों को पैर जमाने की अनुमति नहीं देगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m



