आशुतोष द्विवेदी, रीवा। एमपी के रीवा में अमहिया पुलिस ने मोटरसाइकिल चोरी के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी संजय गांधी अस्पताल और सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर से मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुल चार मोटरसाइकिल बरामद की हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, 2 सितंबर को मुकेश तिवारी नामक व्यक्ति ने अपनी अपाची मोटरसाइकिल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल परिसर में खड़ी की थी। ड्यूटी से लौटने पर मोटरसाइकिल मौके से गायब मिली, जिसके बाद थाने में शिकायत दर्ज कराई गई।
वहीं, 11 सितंबर को दिनेश साकेत अपने रिश्तेदार का इलाज कराने संजय गांधी अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने अस्पताल के मुख्य गेट के पास अपनी स्प्लेंडर मोटरसाइकिल खड़ी की थी। इलाज के बाद वापस लौटे तो मोटरसाइकिल गायब थी। दोनों मामलों में अमहिया पुलिस ने अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 19 साल के गया केवट और दीपक केवट को पकड़ा गया है।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपियों से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद हुईं। उनकी निशानदेही पर दो अन्य मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। पुलिस ने कुल चार मोटरसाइकिलें जब्त की हैं, जिनमें एक अपाचे, एक पल्सर और दो स्प्लेंडर शामिल हैं। बरामद वाहनों की कुल कीमत करीब 2 लाख 90 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश किया है।
बरामदगी
अपाचे – लगभग 90 हजार
पल्सर – लगभग 80 हजार
दो स्प्लेंडर – लगभग 1.20 लाख
कुल 4 मोटरसाइकिल – करीब 2.90 लाख
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


