भिवानी। हरियाणा के भिवानी जिले से एक बेहद दर्दनाक और भावुक कर देने वाला सड़क हादसा सामने आया है। यहां एक तेज रफ्तार कार की टक्कर से दो चचेरे भाइयों की मौत हो गई। घटना की संवेदनशीलता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि मृतकों में से एक भाई की महज 6 महीने पहले ही शादी हुई थी। वह अपनी पत्नी के जन्मदिन को खास बनाने के लिए बाजार से केक लेकर लौट रहा था, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया। घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके पर गाड़ी छोड़कर फरार हो गया।
खुशियां बदलीं मातम में, दोनों सरकारी नौकरी की कर रहे थे तैयारी
मृतकों की पहचान भिवानी के लेघां गांव निवासी 22 वर्षीय विकास और 20 वर्षीय आशीष के रूप में हुई है। परिजनों ने बताया कि दोनों भाई वीरवार को बाइक पर सवार होकर गांव से जुई कस्बे के लिए निकले थे। आशीष की शादी पिछले साल 28 दिसंबर 2025 को हुई थी। आज उसकी पत्नी का जन्मदिन था और इसी खुशी को मनाने के लिए दोनों भाई जुई से केक खरीदने गए थे। दोनों ही भाई होनहार थे और इन दिनों सरकारी नौकरी की परीक्षा की तैयारी में जुटे थे।
कार की टक्कर से एक ने मौके पर तो दूसरे ने अस्पताल के रास्ते तोड़ा दम
जब विकास और आशीष केक लेकर वापस अपने गांव लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक मारुति रिट्ज कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए और दोनों भाई सड़क पर दूर जा गिरे। सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आने के कारण एक भाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं दूसरे भाई की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई।
परिजनों ने कहा- जब तक आरोपी पकड़ा नहीं जाएगा, नहीं करेंगे अंतिम संस्कार
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया है। इधर घटना के बाद से पूरे परिवार और गांव में मातम छाया हुआ है। गुस्साए परिजनों का कहना है कि पुलिस जब तक फरार कार चालक को गिरफ्तार नहीं कर लेती, तब तक वे दोनों भाइयों का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। स्थानीय पुलिस ने परिजनों को समझाकर मामले की कानूनी कार्रवाई तेज कर दी है।
- Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
- https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m
- हरियाणा की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- उत्तर प्रदेश की खबरें पढ़ने यहां क्लिक करें
- लल्लूराम डॉट कॉम की खबरें English में पढ़ने यहां क्लिक करें
- खेल की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
- मनोरंजन की बड़ी खबरें पढ़ने के लिए करें क्लिक

