रामकुमार यादव, सरगुजा। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। लुंड्रा थाना क्षेत्र के ग्राम नागम में हल्की बारिश के दौरान बिजली गिरने से चार बच्चे इसकी चपेट में आ गए। हादसे में दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि दो सगे भाई गंभीर रूप से झुलस गए।

घटना के बाद ग्रामीणों ने तत्काल सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने दो बच्चों को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल दोनों सगे भाइयों का इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।

सूचना मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तथा घटना की जानकारी जुटाई। प्रशासन की ओर से पीड़ित परिवारों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों के नीचे या खेतों में जाने से बचने की अपील की है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m