उत्तम कुमार, मुजफ्फरपुर। जिला पुलिस ने 4 जुलाई को हुए श्याम कुमार कुशवाहा हत्याकांड का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार और मनोज कुमार के रूप में हुई है, जो शिवाय पट्टी के ही रहने वाले हैं।

दो बार पहले भी की थी मारने की कोशिश

मिली जानकारी के अनुसार श्याम कुमार कुशवाहा का इनसे जमीन विवाद चल रहा था और दोनों ने पहले भी दो बार (2019, 2022) श्याम कुमार कुशवाहा को मारने की कोशिश की थी, जिसे लेकर शिवाय पट्टी थान में केस दर्ज है। इस बीच 4 जुलाई को सुबह जब श्याम कुमार कुशवाहा मंदिर में पूजा करने गए हुए थे। इस दौरान पहले से ही घात लगाए अविनाश कुमार, मनोज कुमार एक और अन्य ने उनपर गोली से हमला कर दिया, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई।

गठित विशेष टीम ने किया गिरफ्तार

घटना का खुलासा करते हुए सीडीपीओ पूर्वी 1 अलय वत्स ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि, 4 जुलाई की सुबह शिवाय पट्टी थाना अंतर्गत डेरा चौक स्थित मंदिर में पूजा करने गए श्याम कुमार कुशवाहा को मोटरसाइकिल सवार तीन अज्ञात अपराधियों द्वारा गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पूर्वी वन अलय वत्स के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था, जिसने त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर घटना में नामजद अभियुक्त अविनाश कुमार और मनोज कुमार दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने बताया कि, इस कांड में कुल सात लोगों को गिरफ्तार करना है।

दोनों के बीच चल रहा था आपसी विवाद

सीडीपीओ 1 पूर्वी वन अलय वत्स ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ और जांच के क्रम में पता चला कि मृतक एवं अभियुक्तों के बीच भूमि विवाद तथा अन्य कई कांडों को लेकर पूर्व से ही आपसी विवाद चल रहा था। मृतक पक्ष पर पूर्व में हुए हमले के आरोप में शिवाय पट्टी थाना में दो कांड दर्ज हैं। उन्होंने बताया कि, गिरफ्तार दोनों अभियुक्तों पर पूर्व से लूट कांड, धोखाधड़ी एवं जालसाजी और उत्पाद अधिनियम के तहत केस दर्ज है।

ये भी पढ़ें- पटना में मर्डर करने आए युवक की छत से गिरकर मौत, दूसरा युवक गोली लगने से घायल