देहरादून. नेता विपक्ष यशपाल आर्य ने अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के विकास को लेकर लापरवाही करने और अधिकारों का हनन करने का आऱोप लगाया है. उन्होंने कहा, उत्तराखंड की भाजपा सरकार अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के विकास के प्रति गंभीर लापरवाही और योजनाबद्ध तरीके से अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के अधिकारों का हनन कर रही है. विधानसभा से स्वीकृत बजट को धरातल पर खर्च करने के बजाय सरकार और अधिकारियों की उदासीनता एवं लापरवाही के कारण बजट लैप्स कराया जा रहा है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और चिंताजनक है.

इसे भी पढ़ें- मौत का धमाकाः हॉस्पिटल के AC में ब्लास्ट होने से लगी आग, 1 मरीज की गई जान, कई गंभीर घायल

आगे यशपाल आर्य ने कहा, 31 मार्च 2026 को समाज कल्याण विभाग द्वारा अनुसूचित जाति उप योजना (SCSP) का लगभग 51 करोड़ रुपये तथा अनुसूचित जनजाति उप योजना (TSP) का लगभग 3 करोड़ रुपये का बजट लैप्स होना भाजपा सरकार की अनुसूचित जाति एवं जनजाति विरोधी सोच का सबसे बड़ा प्रमाण है. यह कोई सामान्य प्रशासनिक त्रुटि नहीं, बल्कि प्रदेश के अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के विकास को बाधित करने की एक सुनियोजित साजिश प्रतीत होती है.

उन्होंने कहा, वित्तीय वर्ष 2025-26 में अनुसूचित जाति बाहुल्य बस्तियों में मूलभूत सुविधाओं, अवस्थापना विकास एवं जनसुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए लगभग 60 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया था. लेकिन इसमें से केवल 9 करोड़ रुपये की योजनाएं ही शासन से समाज कल्याण निदेशालय के माध्यम से जिलों तक पहुंच सकीं और उन पर कार्य प्रारंभ हो पाया. शेष 51 करोड़ रुपये की धनराशि सरकार की उदासीनता एवं अधिकारियों की घोर लापरवाही के चलते समय पर निदेशालय तक नहीं पहुंची और 31 मार्च को लैप्स हो गई.

इसे भी पढ़ें- सरकार को चाहिए कि…पैनेसिया हॉस्पिटल में हुए ब्लास्ट को लेकर हरीश रावत का बड़ा बयान, जानिए ऐसा क्या कह दिया ?

आगे यशपाल आर्य ने कहा, जिन वर्गों को सामाजिक एवं आर्थिक रूप से मुख्यधारा में लाने के लिए योजनाएं बनाई जाती हैं, उन्हीं योजनाओं का पैसा सरकार द्वारा वापस कर दिया जाना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है. अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के विकास के लिए आवंटित धनराशि खर्च क्यों नहीं की गई? आखिर किसके संरक्षण में यह गंभीर वित्तीय लापरवाही हुई?

उन्होंने कहा, विधानसभा से बजट पारित होने के बावजूद उसका लगभग 90 प्रतिशत हिस्सा लैप्स हो जाना केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि भाजपा सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़ा करता है. यदि सरकार वास्तव में अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज के उत्थान के प्रति संवेदनशील होती, तो यह धनराशि गांवों, बस्तियों और जरूरतमंद परिवारों तक पहुंचती तथा सड़क, पेयजल, सामुदायिक भवन, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं पर खर्च होती.

इसे भी पढ़ें- सब सामान्य है : पेट्रोलियम उत्पादों का पर्याप्त स्टॉक, लगातार हो रही निगरानी

आगे यशपाल आर्य ने कहा, कांग्रेस सरकार के समय अनुसूचित जाति एवं जनजाति बस्तियों के अवस्थापना विकास के लिए प्रत्येक वित्तीय वर्ष में लगभग 100 करोड़ रुपये का बजट सुनिश्चित किया जाता था, ताकि अनुसूचित जाति बाहुल्य क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत की जा सकें, लेकिन भाजपा सरकार ने सत्ता में आते ही इस बजट को घटाकर 60 करोड़ रुपये कर दिया और अब स्थिति यह है कि उसी घटे हुए बजट में से 51 करोड़ रुपये लैप्स करा दिए गए. यह केवल आंकड़ों का विषय नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों परिवारों के अधिकारों और उनके विकास से जुड़ा गंभीर प्रश्न है.

आगे उन्होंने ये भी कहा कि भाजपा सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि क्या अनुसूचित जाति एवं जनजाति समाज उसके विकास एजेंडे में शामिल नहीं है? क्या अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल गांवों का विकास सरकार की प्राथमिकता नहीं रह गया है? हमारी मांग है की लैप्स हुए बजट की तत्काल विशेष स्वीकृति देकर उसे पुनः जारी किया जाए, पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाए. बजट लैप्स कराना केवल वित्तीय लापरवाही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय की भावना के साथ विश्वासघात है.