ग्रेटर नोएडा. यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का आयोजन 25 से 29 सितंबर तक ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में होगा. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 25 सितंबर को ट्रेड शो का उद्घाटन करेंगे. आयोजन में देश-विदेश से उद्योगपति, निर्यातक, कारोबारी और विदेशी खरीदार पहुंचेंगे.
इसे भी पढ़ें- होमगार्ड भर्ती की दौड़ में 50 मीटर पहले गिरा इंजीनियर शिवम, अस्पताल में मौत
एक हजार से ज्यादा प्रदर्शक होंगे शामिल
FIEO के अधिकारियों के अनुसार ट्रेड शो में एक हजार से अधिक प्रदर्शक हिस्सा लेंगे. विदेशी और भारतीय कारोबारियों के बीच बी2बी बैठकें आयोजित की जाएंगी. इससे उत्तर प्रदेश के उद्यमियों को अंतरराष्ट्रीय बाजार में कारोबारी साझेदारी और नए अवसर तलाशने का मौका मिलेगा. जापान, रूस, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और सिंगापुर को इस संस्करण में पार्टनर कंट्री बनाया गया है.
एमएसएमई से ODOP तक उत्पादों की प्रदर्शनी
ट्रेड शो में उत्तर प्रदेश के एमएसएमई, वस्त्र एवं परिधान, चमड़ा, खाद्य प्रसंस्करण, इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, हस्तशिल्प और सेवा क्षेत्र के उत्पाद प्रदर्शित किए जाएंगे. इसके साथ ही ओडीओपी से जुड़े उत्पाद भी विदेशी खरीदारों और व्यापारिक प्रतिनिधिमंडलों के सामने पेश किए जाएंगे. आयोजकों का लक्ष्य प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ना है.
तीन रूट पर चलेंगी 25 ई-बसें
आगंतुकों की सुविधा के लिए नोएडा और ग्रेटर नोएडा के बीच तीन रूट पर 25 ई-बसें चलाने की व्यवस्था की गई है. ये बसें बॉटनिकल गार्डन से एक्सपो मार्ट तक जाएंगी और यात्रियों को करीब 20 मिनट के अंतराल पर उपलब्ध होंगी. अलग-अलग रूट से बसें गोल्फ कोर्स, सिटी सेंटर, सेक्टर-51, पर्थला, गौर चौक, एक मूर्ति, सूरजपुर और अन्य प्रमुख इलाकों से होकर एक्सपो मार्ट पहुंचेंगी.
इसे भी पढ़ें- सीएम योगी का आज ग्रेटर नोएडा दौरा, ट्रैफिक डायवर्जन; नोएडा-ग्रेनो आने-जाने वालों के लिए बदला रूट
वैश्विक बाजार से जोड़ने पर जोर
पांच दिवसीय ट्रेड शो का उद्देश्य उत्तर प्रदेश के उत्पादों को वैश्विक बाजार से जोड़ना और राज्य को बड़े सोर्सिंग हब के तौर पर स्थापित करना है. विदेशी खरीदारों के लिए उद्यमियों से सीधे संपर्क, उत्पादों की खरीद और सोर्सिंग के अवसर उपलब्ध होंगे. बड़ी संख्या में आगंतुकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए प्रशासन और ट्रैफिक विभाग ने भी तैयारियां शुरू कर दी हैं.



