उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न समितियों के सभापति और कार्यकारी सभापति नामित किए हैं. सोमवार को जारी अधिसूचना में 16 समितियों के लिए नामों की घोषणा की गई.

सतीश सिंह, लखनऊ. उत्तर प्रदेश विधान परिषद के सभापति कुंवर मानवेन्द्र सिंह ने परिषद की विभिन्न समितियों के लिए वर्ष 2026-27 के सभापति और कार्यकारी सभापति नामित कर दिए हैं. सभापति की तरफ से यह नामांकन प्रक्रिया तथा कार्य-संचालन नियमावली, 1956 के नियम-75(1) और 76 के अंतर्गत किया गया है.

सोमवार को विधान परिषद सचिवालय द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार नियम पुनरीक्षण समिति का सभापति डॉ. के.पी. श्रीवास्तव, विशेषाधिकार समिति का मानवेन्द्र सिंह, याचिका समिति का डॉ. सुधीर गुप्ता, आश्वासन समिति का शाहनवाज खान, वित्तीय एवं प्रशासकीय विलंब समिति का प्रांशु दत्त द्विवेदी, प्रश्न एवं संदर्भ समिति का बहोरन लाल मौर्य, संसदीय अध्ययन समिति का राज बहादुर सिंह चंदेल तथा संसदीय एवं सामाजिक सद्भाव समिति का अनूप कुमार गुप्ता को नामित किया गया है.

इसी तरह विधान मंडल सदस्यों के आवासीय परिवाद संबंधी जांच समिति के सभापति अविनाश सिंह चौहान, विकास प्राधिकरणों, आवास विकास परिषद, जिला पंचायतों एवं नगर निगमों में अनियमितताओं पर अंकुश लगाने संबंधी समिति के सभापति जितेंद्र सिंह सेंगर तथा प्रदेशीय विद्युत व्यवस्था संबंधी जांच समिति के सभापति ओम प्रकाश सिंह बनाए गए हैं.

जबकि विनियमन समीक्षा समिति का सभापति सुभाष यदुवंश, विधायी समाधिकार समिति का मुकुल यादव, दैवीय आपदा प्रबंधन जांच समिति का श्याम नारायण सिंह तथा शिक्षा के व्यवसायीकरण संबंधी जांच समिति का ऋषिपाल सिंह को नामित किया गया है.

इसके अलावा खाद्य पदार्थों में मिलावट और नकली दवाओं के प्रचलन से जुड़ी स्वास्थ्य समस्याओं पर रोकथाम समिति के सभापति विजय शिवहरे को बनाया गया है.