प्रमोद निर्मल, मोहला-मानपुर। जिले में इन दिनों जारी स्टेट हाइवे निर्माण क्षेत्रवासियों और राहगीरों के लिए मुसीबत का सबब बना हुआ है। मुसीबत भी ऐसी कि ये कब किसी बड़ी सड़क दुर्घटना में तब्दील हो जाए इसका कोई ठिकाना नहीं।

दरअसल राजनांदगांव-मानपुर स्टेट हाइवे का चौड़ीकरण हो रहा है। पीडब्ल्यूडी ठेकेदार के मार्फत ये कार्य करा रही है। चौडीकरण कार्य के नाम पर पुरानी सड़क को उखाड़ कर जगह-जगह गड्ढे खोद दिये गए हैं। खुदाई के बाद मुख्य सड़क के नाम पर संकरी सिंगल लेन ही बची है, जिससे आवागमन हो तो रही है लेकिन इस संकरी सिंगल लेन सड़क के एक ओर जानलेवा गड्ढा और दूसरी ओर बारिश के चलते उपजा दलदल। एक तरफ गड्ढे में गिरने का डर दूसरी तरफ दलदल में वाहन के फंसने की आशंका।

संकरी सिंगल लेन सड़क में जान हथेली पर रहकर लोग आवाजाही करने को मजबूर हैं। निर्माण स्थल पर जरूरतमंद जगहों में न किसी तरह के संकेतक लगे हैं न ही कोई चेतावनी व सूचना बोर्ड जो हादसों की संभावना को और बढ़ा रही है। कई बार दलदल में वाहनों कि घटनाएं भी सामने आ चुकी है। दोपहिया वाहन सवारो का तो गड्ढों और दलदल, कीचड़ के चलते जानलेवा खतरों से सामना होता है। बीच राह सामने से अगर कोई भारी वाहन आ जाए तो वाहन की चपेट में आकर जान के खतरे से बचने के लिए दलदल अथवा गड्ढा सिर्फ़ दो ही विकल्प बाकी रह जाता है हालांकि दलदल और कीचड़ में वाहन समेत अचानक उतरना भी किसी बड़े खतरे से कम नहीं होता।

अफसरों और नेताओं का आना-जाना पर किसी को जनहित से सरोकार नहीं

महाराष्ट्र और बस्तर के मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला ये बड़ा अहम स्टेट हाइवे है। रोजाना कई शासकीय कर्मी जिला मुख्यालय का सफर भी इसी हाइवे से करते हैं। क्षेत्रवासियों समेत स्कूली व महाविद्यालयीन विद्यार्थियों के आवागमन का भी मुख्य अहम मार्ग भी यही स्टेट हाइवे है। जिला प्रशासन के आला अफसर भी इसी मार्ग से मुख्य आवाजाही करते हैं ये जिम्मेदार अफसर खतरे से युक्त परिस्थितियों और निर्माण एजेंसी की लापरवाहियों आए दिन करीब से देखते हैं पर अफसरों को आखिर किस आका का डर है कि ये अफसर निर्माण व्यवस्था को सुधरवाने और ठेकेदार पर कार्यवाही करने से में गुरेज कर रहे हैं। क्षेत्र के छोटे_बड़े नेताओं, जनप्रतिनिधियों का आवागमन भी इसी स्टेट हाइवे से होता है लेकिन किसी को भी इसे जनहित के मामले से कोई सरोकार नहीं, कोई व्यवस्था सुधरवाने में दिलचस्पी नहीं दिखा रहा।

जल्द सड़क निर्माण पूरा करने के निर्देश देंगे : कार्यपालन अभियंता

एक तरफ रोजाना राहगीरों की जिंदगी गड्ढे, दलदल और संकरे सड़क के बीच झूल रही है वहीं दूसरी ओर निर्माण विभाग PWD के जिम्मेदार आला अफसर तमाशबीन बने हुए हैं जो प्रशासन की भूमिका पर सवाल खड़ा कर रही है। लंबे समय से ये बेतरतीब निर्माण यहां जारी है और PWD की कार्यपालन अभियंता अब कह रहीं है कि व्यवस्था को सुधरवाएंगे। कार्यपालन अभियंता रितू खरे का इस मसले पर कहना है मीडिया के माध्यम से जानकारी सामने आई है। यथासंभव जल्द से जल्द सड़क निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए जाएंगे। साथ ही तत्काल निर्माण स्थल पर सूचना एवं चेतावनी सूचक बोर्ड लगाने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया जाएगा। अब सवाल ये उठ रहा है कि लंबे समय से जारी इस अव्यवस्था भरे निर्माण पर आखिर क्यों जिम्मेदार विभाग के अफसर मौन साधे रहे। ये तो वही सवालिया बात हो गई कि ” अब तक क्या सोए थे जनाब जो अब व्यवस्था सुधारने की सुध आई”।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m