मयंक श्रीवास्तव, अयोध्या. राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की केंद्र और प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोला. संजय सिंह ने राम मंदिर निर्माण में भ्रष्टाचार का बड़ा आरोप लगाते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के नाम पर जमीन खरीद, आभूषणों और चढ़ावे में जमकर घोटाला हुआ है.
इसे भी पढ़ें- AI, क्वांटम तकनीक और साइबर फॉरेंसिक… योगी के एजेंडे में तकनीक से न्याय तक का रास्ता
उन्होंने कहा कि पूरे मामले में सिर्फ लीपापोती की जा रही है. चंपत राय और अनिल मिश्रा जैसे कथित आरोपियों के खिलाफ आज तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, न ही किसी की गिरफ्तारी हुई है. उन्होंने कहा कि आस्था के नाम पर जनता को धोखा दिया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश की मतदाता सूची में गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए संजय सिंह ने कहा कि बिना जानकारी दिए सूची में 13 लाख नाम जोड़ दिए गए. इसके साथ ही ऑटो-जेनरेटेड फॉर्म-7 के जरिए 85,854 मतदाताओं के नाम काट दिए गए. उन्होंने दावा किया कि काटे गए नामों में 90 प्रतिशत नाम अल्पसंख्यक समुदाय के हैं. उन्होंने इसे सोची-समझी साजिश बताते हुए लोकतंत्र पर हमला करार दिया.
इसे भी पढ़ें- UP में सबसे बड़े घुसपैठिया उत्तराखंड के..! अखिलेश यादव के बयान पर धामी का करारा जवाब, कहा- पहले पिता ने गोली चलवाई अब पुत्र…
समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता राजकुमार भाटी के हालिया बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाटी ने स्वयं अपना स्पष्टीकरण दे दिया है. संजय सिंह के अनुसार, राजकुमार भाटी ने स्पष्ट किया है कि उनका जन्म हिंदू धर्म में हुआ है और वह हिंदू धर्म में ही अपना संपूर्ण जीवन बिताएंगे. एयरपोर्ट से संजय सिंह सीधे सिद्धार्थनगर के लिए रवाना हो गए, जहां वह एक निर्धारित कार्यक्रम में शिरकत करेंगे.

