अनूप मिश्रा, बहराइच. जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है. जहां यात्रियों से भरी तेज रफ्तार रोडवेज बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार भिड़ंत हुई. हादसे में ट्रैक्टर चालक की मौत हो गई. वहीं 11 लोग घायल हुए. एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है. घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. पुलिस घटना की जांच में जुट गई है.

इसे भी पढ़ें- आरोप, इस्तीफा और फैसले की घड़ीः चंपत राय और अनिल मिश्रा के इस्तीफे को लेकर ट्रस्ट की बैठक, बड़ा बदलाव होने की सुगबुगाहट

बता दें कि घटना चिलवरिया के पास उस वक्त घटी, जब गोंडा से बहराइच आ रही वाराणसी कैंट डिपो की रोडवेज बस आगे चल रही सीमेंट से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकरा गई. टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रैक्टर-ट्रॉली पलट गई और बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई. हादसे में रोडवेज बस में सवार 11 यात्री घायल हो गए. सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल भेजा गया, जहां 6 लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि 5 घायलों का इलाज जारी है. इनमें एक महिला की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिसका समुचित उपचार कराया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें- मुद्दा उठाओगे तो जांच के घेरे में आओगे! राम मंदिर चढ़ावा मामले में VHP अध्यक्ष की बड़ी मांग, केजरीवाल, प्रियंका गांधी और रामगोपाल यादव के बयान को लेकर जो कहा…

वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक को भी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया. घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी अक्षय त्रिपाठी एवं पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य का जायजा लिया. अधिकारियों ने घायलों के बेहतर उपचार के निर्देश दिए.