लखनऊ. वाराणसी दौरे के बाद अखिलेश यादव ने एमएलसी चुनाव में सपा के दो प्रत्याशियों को जिताने और भाजपा को हराने पर जनता का आभार जताया. उन्होंने कहा कि प्रिय काशीवासियों, सर्वप्रथम बाबा विश्वनाथ के चरणों में नमन करते हुए मैं कहना चाहूंगा कि कल काशी में आप सबने जो स्नेह दिया, उसका मैं अत्यंत आभारी हूं. काशी के आशुतोष बाबा विश्वनाथ जी ने हमारे आशुतोष सिन्हा जी और लाल बिहारी यादव जी को ऐतिहासिक वोटों से जिताकर हमें दोहरा आशीर्वाद दिया है. काशी ने डबल इंजन को डबल ज़ीरो कर दिया है.

इसे भी पढ़ें- ‘अखिलेश जी! आइए हो जाये दो-दो हाथ’, ओपी राजभर ने सपा सुप्रीमो को दे डाली खुली चुनौती, जानिए क्यों कही मैदान छोड़कर भागने की बात

उन्होंने कहा कि दरअसल काशी की हमारी दोहरी जीत के पीछे कुछ कारण निर्णायक रहे हैं. मणिकर्णिका के पौराणिक घाट को तोड़ने के पाप की सज़ा मिली है. राजमाता पुण्यश्लोका देवी अहिल्याबाई जी की प्रतिमा के तिरस्कार करने का सबक इन पापियों को मिला है. पूज्य शंकराचार्य जी पर हुए प्रहार का प्रतिकार-प्रतिफल है. पाल समाज पर जो लाठी चलाई गई थी ये उसका भी जवाब है. दाल मंडी पर हुए अत्याचार ने भाजपा को ध्वस्त कर दिया या कहें दाल मंडी ने भाजपा को दल दिया है.

इसे भी पढ़ें- ‘अखिलेश यादव रणछोड़’, चुनाव न लड़ने वाले बयान पर BJP का हमला, पंकज चौधरी बोले- वो नोएडा जाने से डरते थे…

आगे अखिलेश ने कहा कि जो कहते थे मां गंगा ने उन्हें बुलाया है, उन्होंने मां गंगा को भुलाया है. गंगा मां के साथ भी धोखा हुआ है. नमामि गंगे का अरबों का बजट न जाने कहां बह गया. बनारस के बुनकरों का हाल पूछने कोई नहीं आया. बनारस की हस्तकला चौपट कर दी है. बनारस के नाव चलानेवाले तक दुखी हैं. उनकी रोज़ी-रोटी भाजपाइयों को रास नहीं आई. भाजपा की कमीशनख़ोरी ने छोटे-काम व्यवसाय को मार दिया है. भाजपा ने बनारस को बाहर के ठेकेदारों को गिरवी रखा दिया है.

इसे भी पढ़ें- गोरखपुर में BJP की ‘लोकतंत्र बचाओ’ पदयात्रा आज, नितिन नवीन और CM योगी होंगे शामिल; एक लाख भीड़ जुटाने का लक्ष्य

अखिलेश ने कहा कि क्योटो तो बनाया नहीं, काशी भी उजाड़ दिया. क्योटो नहीं बनाया तो क्योटो का फोटो ही लगा देते. भाजपा ने बनारस का हित नहीं, अहित किया है. यूपी वाले विदाई अच्छी करते हैं, लेकिन जब काशी वाले विदाई करते हैं तो पर्मानेंट विदाई कर देते हैं. इस बार ‘काशी भाजपा की उदासी’ का कारण बनेगी. 2027 में विश्वप्रसिद्ध बनारस की लौंगलता हमारा मुंह मीठा करेगी.

इसे भी पढ़ें- वाराणसी में BJP पर बरसे अखिलेश यादव, बोले- दालमंडी के 181 मकान और 500 दुकानें तुड़वा दीं, मेट्रो होती तो…

अखिलेश ने ये भी कहा कि हम आएंगे तो वाराणसी को ट्रैफ़िक जाम से मुक्ति दिलाने के लिए मेट्रो का निर्माण करेंगे. हम अत्याधुनिक तकनीक का इस्तेमाल करके दिखाएंगे कि ‘विरासत का संरक्षण और विकास से संवर्धन’ साथ-साथ कैसे किया जा सकता है. काशी का गौरव फिर से वापस लाना हमारा संकल्प है, जिसे हम निभाएंगे. भाजपा जाएगी, काशी मुस्कुराएगी!