लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा पर नकली वोट जुड़वाने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को अपने-अपने बूथों पर सतर्क रहना है. भाजपा फर्जी वोट बनाने की साजिश कर रही है. वह फर्जी वोट और बेईमानी को अपनी ताकत समझती है. भाजपा दस तरह की चुनावी चाल चलती है. मतदाता सूची में अपने नकली वोट जुड़वाती है. विरोधी दलों के असली वोट कटवाती है. भाजपा कानून और संविधान नहीं मानती है. चुनाव जीतने के लिए बेईमानी करती है. भाजपा वोट चोरी करती है. वोट चोरी और चंदा चोरी से जनता को सावधान रहना है. भाजपा समाजवादी पार्टी के नेतृत्व पर झूठे आरोप लगाने को अपनी सफलता समझती है. जनता भाजपा की बेईमानी और झूठ को समझ गई है. भाजपा बदनाम हो चुकी है. अब किसी तरह की मिलीभगत से चुनाव नहीं जीत सकती है. जनता भाजपा का सफाया करने के लिए चुनाव की तारीखों का इंतजार कर रही है.

इसे भी पढ़ें- भविष्य की इमारत या भ्रष्टाचार की बुनियाद! उद्घाटन से पहले ही 1.30 करोड़ की लागत से बन रहे स्कूल का गिरा बारजा, ये है योगी जी आपका सुशासन?

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, बजट की लूट, अन्याय अत्याचार से त्रस्त है. भाजपा भूमाफिया पार्टी है. भाजपाई सत्ता के संरक्षण में गरीबों, असहायों और सरकारी जमीनों पर कब्जा कर रहे है. जो लोग न्याय के लिए जाते हैं उन्हें उल्टे फंसा दिया जाता है. इस अन्याय अत्याचार में पुलिस भी भाजपाई सामंतियों के साथ खड़ी दिखाई देती है. भाजपा के कुशासन से परेशान जनता ने उत्तर प्रदेश में सत्ता परिवर्तन का संकल्प ले लिया है. प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनाने को लेकर जनता में एक राय है. पीडीए एकजुट है. पीडीए की एकता से घबरायी भाजपा सरकार और मुख्यमंत्री लगातार पीडीए को अपमानित और प्रताड़ित कर रहे हैं. इस सरकार में पीडीए को कहीं भी न्याय नहीं मिल रहा है.

इसे भी पढ़ें- योगी जी क्या हुआ जीरो टॉलरेंस का! स्किल डेवलेपमेंट ट्रेनिंग में बड़ी धांधली पर भड़के चंद्रशेखर, कार्रवाई पर उठाए सवाल

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री जी और भाजपा सरकार ने प्रदेश में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था को ध्वस्त कर दिया है. मुख्यमंत्री की रूढ़िवादी और पुरातन पंथी सोच ने शिक्षा व्यवस्था को गर्त में ढ़केल दिया है. भाजपा सरकार में सरकारी स्कूल कम हो रहे हैं और शराब की दुकाने बढ़ रही हैं. इस सरकार में 10 साल में 26 हजार से ज्यादा प्राईमरी स्कूलों को बंद कर दिया गया है. भाजपा के लूट और भ्रष्टाचार से स्कूली शिक्षा बर्बाद हो गई है. सत्ता के संरक्षण में शिक्षा विभाग में तमाम विभाग बन गये हैं. शिक्षकों और शिक्षण संस्थानों का हर स्तर पर शोषण हो रहा है. शिक्षकों, स्नातकों और नौजवानों के साथ भाजपा भेदभाव कर रही है.

इसे भी पढ़ें- अब डुप्लीकेट मतदाता का खेल नहीं चलेगा! मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायत के बाद प्रशासन की कार्रवाई, अखिलेश यादव ने दिया बड़ा बयान

आगे अखिलेश यादव ने कहा कि देश में सबसे ज्यादा पेपर लीक उत्तर प्रदेश में हुए. भाजपा सरकार जानबूझकर परीक्षाओं के पेपर लीक कराती है. भाजपा की डबल इंजन सरकार ने अपने कार्यकाल में उत्तर प्रदेश को बदनाम किया है. हर योजना में सिर्फ भ्रष्टाचार और लूट हुई है. यूपी का विकास रुक गया है. इस सरकार ने किसानों, नौजवानो, शिक्षकों और छात्रों सभी को छला और ठगा है. जनहित में कोई कार्य नहीं किया. भाजपा सरकार की उपलब्धियां जीरो हैं. सत्ता में बैठकर समय बर्बाद करना, झूठ बोलना और विरोधी दलों को बदनाम करना ही भाजपा नेतृत्व का एजेण्डा है. जनता के बीच भाजपा की पोल खुल चुकी है. उसके पाप का घड़ा भर चुका है. जनता अपने वोट से भ्रष्ट भाजपा के पाप का घड़ा फोड़ कर ही दम लेगी. 2027 में भाजपा सत्ता से हटेगी तो फिर कभी नहीं आएगी.