लखनऊ. अखिलेश यादव ने भाजपा को लोकतंत्र का विरोधी बताते हुए तीखा हमला बोला है. उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की दुश्मन है. भाजपा वोटर लिस्ट में हेराफेरी और चुनाव में और चोरी करके सत्ता पर कब्जा बनाए रखना चाहती है. वह जनता के वोट के अधिकार को छीन रही है. झूठ लूट और बेईमानी भाजपा की पहचान बन चुकी है. बीजेपी समाजवादी पार्टी नेतृत्व और पीडीए पर झूठा आरोप लगाकर बदनाम करती है. भाजपा के साजिश और षड्यंत्र से सावधान रहना है. 2027 का विधानसभा चुनाव लोकतंत्र बचाने का चुनाव है. अगर वोटर लिस्ट में नाम रहेगा तभी लोकतंत्र बचेगा.

इसे भी पढ़ें- 12 साल में कितने घुसपैठिये बाहर किए? अमित शाह से संजय सिंह ने मांगा जवाब, चुनाव आयोग पर उठाए सवाल

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सत्ता का दुरुपयोग करने पर उतारू है समाजवादी पार्टी और पीडीए को पूरी ताकत से दिन-रात एक करके विधानसभा चुनाव जीतकर भाजपा को हमेशा के लिए हराना है. जनता समाजवादी पार्टी के साथ है. प्रदेश की जनता को समाजवादी पार्टी पर भरोसा है. जनता भाजपा के कुशासन से त्रस्त हो चुकी है. भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार और लूट चरम पर है. भाजपा ने पूरे प्रदेश में लूट मचा रखी है. भाजपा जनता की नजरों में गिर चुकी है. उसका ग्राफ लगातार गिर रहा है. पहले लोकसभा चुनाव में हार से और अब विधान परिषद चुनाव की हार से भाजपा की जमीन खिसक चुकी है. भाजपा की जमीन नहीं बची है, अंगद का पैर कहां रखेंगे. भाजपा नेताओं के पास बड़ी-बड़ी डीगें हांकने के अलावा कुछ नहीं बचा है. भाजपा हार से बौखला गई है, इसीलिए समाजवादी पार्टी और उसके नेतृत्व को बदनाम करने के लिए कोई कोर कसर नहीं छोड़ रही है.

इसे भी पढ़ें- भाजपा जाएगी, काशी मुस्कुराएगी! अखिलेश यादव ने काशीवासियों का आभार जताते हुए BJP पर साधा निशाना, बताया MLC चुनाव में क्यों मिली जीत

आगे उन्होंने कहा कि भाजपा और उसके नेता जनता को भ्रमित करना चाहते हैं. प्रदेश और देश की जनता भाजपा की सच्चाई समझ चुकी है, अब उसके झांसे में नहीं आने वाली है. इस बार विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा का सफाया कर देगी. समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को धैर्य के साथ काम करना है, भाजपा के किसी उकसावे में नहीं आना है. पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता मतदाता सूची पर पूरी नजर रखें. अपना वोट देखें और अपने आसपास के लोगों के वोट को भी मतदाता सूची में देखते रहें. एक भी वोट कटना नहीं चाहिए. भाजपाई बेईमान लोग हैं, इनसे सावधान रहना है. जनता भाजपा के साथ नहीं है. वह चोरी और बेईमानी से ही चुनाव जीतती है.

इसे भी पढ़ें- ‘अखिलेश जी! आइए हो जाये दो-दो हाथ’, ओपी राजभर ने सपा सुप्रीमो को दे डाली खुली चुनौती, जानिए क्यों कही मैदान छोड़कर भागने की बात

अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी मांग है कि वोटर लिस्ट को आधार कार्ड से जोड़ा जाए. आधार कार्ड में हर मतदाता की पूरी जानकारी होती है. आधार कार्ड से मतदाता सूची जुड़ने से वोट चोरी और हेराफेरी रुकेगी. समाजवादी पार्टी की सरकार में सरकारी अस्पतालों में गरीबों का पूरा निःशुल्क इलाज होगा. अस्पतालों और मेडिकल कॉलेज को अच्छा बनाया जाएगा. गरीबों को किसी इलाज के लिए किसी कार्ड की जरूरत नहीं पड़ेगी. भाजपा ने सरकारी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों को बर्बाद कर दिया है.