रांची। वियतनाम में सड़क दुर्घटना में जान गंवाने वाले रांची के कैलास नगर निवासी स्व. राजा कुमार वर्मा के आश्रितों को झारखंड सरकार ने 5 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की है। यह सहायता राशि ‘मुख्यमंत्री झारखंड अंतरराष्ट्रीय प्रवासी श्रमिक अनुदान’ योजना के तहत दी गई है।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के निर्देश पर श्रम मंत्री संजय प्रसाद यादव और राज्यसभा सांसद महुआ माजी ने दिवंगत राजा कुमार वर्मा के परिजनों को सहायता राशि सौंपी। इस दौरान श्रम मंत्री ने राजा कुमार वर्मा के निधन पर दुख जताया और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी।
वियतनाम में योग प्रशिक्षक के तौर पर करते थे काम
राजा कुमार वर्मा वियतनाम में योग प्रशिक्षक के रूप में कार्यरत थे। 25 सितंबर को वियतनाम में हुई सड़क दुर्घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान उनका निधन हो गया।
राजा कुमार वर्मा के निधन की सूचना मिलने के बाद परिजनों ने उनका पार्थिव शरीर भारत लाने के लिए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मदद की गुहार लगाई थी। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने तत्काल कार्रवाई शुरू की।
विदेश मंत्रालय और भारतीय दूतावास से किया गया समन्वय
राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने विदेश मंत्रालय, भारत सरकार और हनोई स्थित भारतीय दूतावास के साथ लगातार समन्वय स्थापित कर आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी कराईं। इसके बाद राजा कुमार वर्मा का पार्थिव शरीर वियतनाम के हनोई से कोलकाता एयरपोर्ट लाया गया।
कोलकाता एयरपोर्ट से पार्थिव शरीर को रांची स्थित उनके पैतृक आवास तक सम्मानपूर्वक पहुंचाने के लिए रांची जिला प्रशासन की ओर से नि:शुल्क एंबुलेंस की व्यवस्था की गई। 5 अक्टूबर को पार्थिव शरीर रांची लाया गया, जिसके बाद अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की गई।
सरकार ने परिवार के प्रति जताई संवेदना
राजा कुमार वर्मा के निधन से परिवार में शोक का माहौल है। राज्य सरकार की ओर से सहायता राशि उपलब्ध कराते हुए परिवार को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया गया है। मुख्यमंत्री के निर्देश पर विदेश में काम करने वाले झारखंड के प्रवासी श्रमिक की मृत्यु के बाद पार्थिव शरीर स्वदेश लाने से लेकर आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने तक की प्रक्रिया पूरी की गई।

