सुरेंद्र जैन, धरसींवा। रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र में फैक्ट्री हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला विजय ट्रांसमिशन नामक फैक्ट्री से सामने आया है, जहां हादसे में स्थानीय ग्रामीण रामजी निषाद की मौत हो गई।


मृतक रामजी के भाई मनीराम मुकेश निषाद ने बताया कि उनका भाई विजय ट्रांसमिशन फैक्ट्री में लगभग तीस फीट की ऊंचाई पर काम कर रहा था। उसने क्रेन बंद कर यह कहा था कि क्रेन को कोई चालू न करे, लेकिन किसी ने क्रेन चालू कर दी, जिससे उनके भाई की ऊंचाई पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना रविवार दोपहर 1:30 बजे की है।
गर्भवती पत्नी का उजड़ा सुहाग
मृतक रामजी निषाद कन्हरा गांव का निवासी था, जो फैक्ट्री में काम कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। मृतक की पत्नी कविता निषाद (29 वर्ष) गर्भवती हैं। इस घटना ने गर्भस्थ शिशु के सिर से भी पिता का साया छीन लिया, वहीं चार वर्षीय यशु के सिर से भी पिता का साया उठ गया। घटना के बाद पति को खोने से कविता का रो-रोकर बुरा हाल है।

ग्रामीणों का फूटा आक्रोश, सुरक्षा पर सवाल
विजय ट्रांसमिशन में एक माह के भीतर हुई दूसरी घटना ने फैक्ट्री में सुरक्षा उपायों की पोल खोल दी है। साथ ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग के जिम्मेदार अधिकारियों की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। करीब एक माह पहले एक युवक की मौत के बाद यदि हेल्थ एंड सेफ्टी विभाग फैक्ट्री के खिलाफ सख्त कार्रवाई करता, तो लापरवाहियों पर अंकुश लग सकता था और शायद यह दूसरी घटना नहीं होती। घटना के बाद से आक्रोशित ग्रामीण फैक्ट्री के सामने धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं।
सप्ताह भर में तीन फैक्ट्रियों में हादसे
उरला औद्योगिक क्षेत्र के उद्योगों में हादसे कोई नई बात नहीं हैं। यहां आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं। मुआवजे में भी किसी को कम तो किसी को अधिक राशि दिए जाने की शिकायतें सामने आती रहती हैं।
वैसे तो पिछले एक माह में कई फैक्ट्रियों में बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन यदि बीते एक सप्ताह की बात करें, तो तीन फैक्ट्रियों में गंभीर दुर्घटनाएं हुई हैं। ईश्वर TMT में हुए हादसे में एक व्यक्ति की मौत हुई, बालाजी स्टील में हुए हादसे में करीब आधा दर्जन श्रमिक घायल हुए और अब विजय ट्रांसमिशन में एक माह के भीतर दूसरे हादसे में एक और ग्रामीण श्रमिक की मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीण की मौत के बाद क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में ग्रामीण फैक्ट्री के सामने एकत्र होकर धरना प्रदर्शन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया है और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की है। वहीं मौके पर पुलिस की टीम पहुंच गई है।
श्रमिक नेता ने लगाए गंभीर आरोप
मामले में श्रमिक नेता राज सिंह हाड़ा ने कहा कि फैक्ट्री में आए दिन हादसे हो रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस कंपनी में न तो पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था है और न ही प्रबंधन की ओर से कोई उचित इंतजाम किए गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां श्रमिकों का न तो PF काटा जाता है और न ही ESIC की सुविधा दी जाती है।
उन्होंने कहा कि आज फैक्ट्री में गांव के एक व्यक्ति की मौत हो गई है और वे पीड़ित परिवार को मुआवजा दिलाने के लिए यहां आए हैं। उन्होंने फैक्ट्री प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अभी तक प्रबंधन का कोई जिम्मेदार बातचीत करने के लिए सामने नहीं आया है। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित परिवार को न्याय नहीं मिलेगा, हम लोग यहीं करते रहेंगे।
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



