सुरेंद्र जैन, धरसींवा। रायपुर जिले के धरसींवा विधानसभा क्षेत्र की औद्योगिक इकाइयों में हादसे थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। ताजा मामला जरौदा स्थित नूतन इस्पात फैक्ट्री का है, जहां काम के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है।

narayana

ऐसे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, नूतन इस्पात फैक्ट्री में तीन मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान वे करंट की चपेट में आ गए। हादसे के बाद तीनों को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान अनिल यादव की मौत हो गई। वहीं दो अन्य मजदूरों का उपचार जारी है।

मजदूर की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साए ग्रामीणों ने फैक्ट्री के मुख्य गेट के सामने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर श्रमिकों की सुरक्षा में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

ग्रामीणों का कहना है कि फैक्ट्री में मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए काम कराया जा रहा था, जिसके कारण यह हादसा हुआ। उनका आरोप है कि सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किए जाने से श्रमिकों की जान खतरे में पड़ रही है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

अनिल यादव की मौत के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। अपने पीछे वह पत्नी राजेश्वरी यादव, दो मासूम बच्चों और वृद्ध पिता को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अनिल अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था।

मुआवजे की मांग

धरना प्रदर्शन के दौरान बजरंग दल के नेता सोहन निषाद ने कहा कि मृतक के परिवार को 40 लाख रुपये मुआवजा और बच्चों के भविष्य की सुरक्षा की मांग की है। लेकिन अब तक फैक्ट्री प्रबंधन का कोई भी जिम्मेदार परिजनों से मिलने नहीं पहुंचा है।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H